
स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली को मिला नया पुलिस आयुक्त, एसबीके सिंह कल से संभालेंगे कार्यभार
क्या है खबर?
दिल्ली को स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) से पहले नया पुलिस आयुक्त मिल गया है। इस बार जिम्मेदारी वरिष्ठ IPS अधिकारी एसबीके सिंह को दी गई है। गृह मंत्रालय ने गुरुवार को आदेश जारी कर बताया कि सिंह 1 अगस्त से कार्यभार संभालेंगे। वे संभवत: छह महीने तक पद पर बने रहेंगे। उनकी सेवानिवृत्त जनवरी 2026 में है। सिंह की नियुक्ति तमिलनाडु कैडर के संजय अरोड़ा की सेवानिवृत्ति के बाद हुई है। वे 31 जुलाई, 2025 को सेवानिवृत्त हुए हैं।
पहचान
कौन हैं एसबीके सिंह?
एसबीके सिंह 1988 बैच के अरुणाचल-गोवा-मिजोरम और केंद्र शासित प्रदेश (AGMUT) कैडर के IPS अधिकारी हैं। वे अभी तक दिल्ली होम गार्ड्स के महानिदेशक के पद पर थे। उनकी पत्नी एक शिक्षाविद हैं। उनकी दो बेटियां हैं, जो अमेरिका में रहती हैं और अपने-अपने क्षेत्रों में स्थापित हैं। सिंह ने दिल्ली विश्वविद्यालय के सेंट स्टीफंस कॉलेज से 1986 में स्नातक किया था और इसके बाद मानव संसाधन प्रबंधन में मास्टर इन बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (MBA) किया था।
तैनाती
एसबीके सिंह का करियर कैसा रहा?
सिंह ने दिल्ली पुलिस में सहायक पुलिस उपायुक्त के रूप में करोल बाग में सेवा शुरू की थी। उन्होंने संयुक्त पुलिस उपायुक्त रहते हुए 'लॉस्ट रिपोर्ट' नामक मोबाइल ऐप और 'पुलिस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट' वेब एप्लिकेशन बनाने में भूमिका निभाई थी। सिंह को 2018 में अरुणाचल प्रदेश का पुलिस महानिदेशक बनाया गया था। संजय अरोड़ा और सिंह दोनों एक बैच के हैं। सिंह 2015 में अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति बराक ओबामा की भारत यात्रा के समय सुरक्षा व्यवस्था संभाली थी।