पटियाला में किराए का घर देखने गए दंपति पर पिटबुल कुत्ते का हमला, वीडियो आया सामने
क्या है खबर?
पंजाब के पटियाला में किराए का घर देखने गए एक दंपति पर पालतू पिटबुल कुत्ता बुरी तरह झपट पड़ा। हमले में दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना मंगलवार को घुमन नगर इलाके की है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। दंपति, एक स्थानीय संपत्ति विक्रेता के साथ, किराए पर उपलब्ध एक घर का निरीक्षण करने गए थे, तभी कुत्ते ने हमला किया। महिला अस्पताल में भर्ती है। उनकी सर्जरी हुई है।
घटना
डेढ़ मिनट तक दंपति को काटता रहा कुत्ता
अंकित सभरवाल एक निजी बैंक में प्रबंधक हैं, जबकि उनकी पत्नी शिफाली चंडीगढ़ विश्वविद्यालय में प्रोफेसर हैं। दोनों मंगलवार को एक एक प्रॉपर्टी डीलर के साथ घुमन नगर में उस घर को देखने गए थे, जिसे उन्हें किराए पर लेना था।
घर की घंटी बजाते ही कुत्ता बाहर निकला और महिला पर झपट पड़ा। महिला को बचाने के लिए उसका पति सामने आया, जिसे भी कुत्ते ने काटा।
कुत्ता करीब डेढ़ मिनट तक दंपति को काटता रहा।
बचाव
बचाने निकले लोग भी नहीं छुड़ा पाए
इसके बाद उसी घर से एक महिला छड़ी लेकर निकली। उसने कुत्ते को मारकर हटाने की कोशिश की, लेकिन कुत्ता महिला को काटता रहा। इस दौरान प्रॉपटी डीलर घर में छिप गया।
कुछ देर बाद, 2 अन्य लोग डंडे लेकर पहुंचे और कुत्ते को पीटकर भगाने लगे। कुत्ता पर जब डंडे से तेज वार किया गया, तब वह मौके से भागा।
वीडियो में महिला लहुलूहान दिख रही है। दंपति को पूरे शरीर में गहरे घाव हैं, जिसमें टांके लगे हैं।
ट्विटर पोस्ट
पिटबुल ने दंपति को बुरी तरह घायल किया
🚨 पंजाब के पटियाला से पिटबुल कुत्ते के हमले में एक पति-पत्नी गंभीर घायल❗
— Journalist Jyoti magan 🇮🇳 (@jyotimagan555) August 12, 2026
📍दोनों को पिटबुल ने शरीर के कई हिस्सों पर काटा, फिलहाल दोनों को इलाज के लिए पटियाला के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।#Punjab #Patiala #Pitbull #Dog #lover #Dog #Bite #CCTV pic.twitter.com/1CoFHexOVd
कार्रवाई
प्रतिबंध के बावजूद पिटबुल पाल रहे लोग
पुलिस अधिकारी का कहना है कि उनको सोशल मीडिया से घटना की जानकारी मिली, शिकायत मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई होगी और 15 अगस्त के बाद खतरनाक नस्ल के कुत्तों के खिलाफ अभियान चलेगा।
पटियाला नगर निगम के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पिटबुल टेरियर, अमेरिकन बुलडॉग और रॉटवीलर सहित कई खूंखार कुत्तों को पालने पर प्रतिबंध लगाया हुआ है, लेकिन फिर भी लोग इन्हें पाल रहे हैं।
पटियाला के मेयर कुंदन गोगिया मामले को लेकर बैठक बुलाएंगे।