Page Loader
जालंधर: भाजपा नेता के घर ग्रेनेड फेंकने में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का हाथ, ISI भी शामिल
पंजाब के जालंधर में भाजपा नेता के घर पर ग्रेनेड फेंकने में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का नाम

जालंधर: भाजपा नेता के घर ग्रेनेड फेंकने में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का हाथ, ISI भी शामिल

लेखन गजेंद्र
Apr 08, 2025
03:35 pm

क्या है खबर?

पंजाब के जालंधर में मंगलवार तड़के पूर्व कैबिनेट मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता मनोरंजन कालिया के आवास पर ग्रेनेड फेंकने के मामले में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का हाथ बताया जा रहा है। धमाके के बाद सोशल मीडिया पर बब्बर खालसा इंटरनेशनल के आतंकी हैप्पी पासिया ने धमाके की जिम्मेदारी ली है। उसने शहजाद भट्टी और जीशान अख्तर का नाम लिया है। जीशान बिश्नोई का करीबी सहयोगी है। वह NCP नेता बाबा सिद्दीकी हत्या मामले में भी वांछित है।

जांच

पंजाब में सीमा पार से साजिश को दिया जा रहा अंजाम

पंजाब पुलिस से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि राज्य में सौहार्द बिगाड़ने के लिए सीमा पार से साजिश रची जा रही है, जिसमें पाकिस्तानी आतंकवादी संगठन ISI का भी हाथ है। अधिकारी बताते हैं कि बिश्नोई गिरोह खालिस्तानी आतंकवादी संगठन और ISI के साथ मिलकर काम कर रहा है। पुलिस का कहना है कि हैप्पी पासिया पर राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने जनवरी में 5 लाख का इनाम घोषित किया है। वह पंजाब में कई धमाके करा चुका है।

हमला

भाजपा नेता के घर पर ग्रेनेड फेंकने वाला गिरफ्तार

पंजाब पुलिस ने घटना के 12 घंटे के अंदर भाजपा नेता कालिया के घर पर ग्रेनेड फेंकने वाले मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही उसका ई-रिक्शा भी बरामद किया है। घटना का एक CCTV फुटेज भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें रिक्शा में सवार लोग 1 मिनट 17 सेकेंड के अंदर वारदात को अंजाम देकर भागते नजर आ रहे हैं। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

ट्विटर पोस्ट

CCTV फुटेज वायरल

घटना

आज सुबह हुआ धमाका

मंगलवार तड़के 1:30 बजे भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य मनोरंजन कालिया के आवास के प्रवेश गेट के पास ग्रेनेड फेंका गया था, जिससे जोरदार धमाका हुआ। धमाके के समय कालिया अपने परिवार के साथ घर पर मौजूद थे, लेकिन किसी को चोट नहीं पहुंची। हमला ई-रिक्शा से ग्रेनेड फेंकने आए थे, जबकि कालिया के घर से पुलिस थाना 100 मीटर दूरी पर है। बता दें कि पंजाब में पिछले एक साल में 12 धमाके हो चुके हैं।