Page Loader
पंजाब: जालंधर में पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोरंजन कालिया के घर पर हमला, फेंका गया ग्रेनेड
पंजाब के जालंधर में भाजपा नेता के घर पर ग्रेनेड फेंका गया (तस्वीर: एक्स/@NipunsBJP)

पंजाब: जालंधर में पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोरंजन कालिया के घर पर हमला, फेंका गया ग्रेनेड

लेखन गजेंद्र
Apr 08, 2025
09:07 am

क्या है खबर?

पंजाब के जालंधर में मंगलवार तड़के पूर्व कैबिनेट मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता मनोरंजन कालिया के आवास पर आतंकी हमला हुआ है। घटना मंगलवार तड़के 1 बजे के आसपास घटी है। ग्रेनेड कालिया के आवास के प्रवेश गेट के पास गिरा और जोरदार धमाका हुआ। धमाके के समय कालिया अपने परिवार के साथ घर पर मौजूद थे, लेकिन किसी को चोट नहीं पहुंची। धमाके की सूचना पर पुलिस समेत भाजपा के कई नेता मौके पर पहुंच गए हैं।

धमाका

ई-रिक्शा से आए थे हमलावर

ग्रेनेड फेंकने की घटना कालिया के आवास पर लगे CCTV में कैद हो गई है, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस का कहना है कि हमलावर ई-रिक्शा में बैठकर आए थे और ग्रेनेड फेंककर उसी से फरार हो गए। कालिया ने बताया कि उनके घर से पुलिस थाना 100 मीटर की दूरी पर है। उनके गनमैन ने घटना के बाद पुलिस को सूचना दी थी, लेकिन जब जवाब नहीं मिला तो वे खुद थाने पहुंचे।

धमाका

मुझे लगा जनरेटर में धमाका हुआ- कालिया

भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य कालिया ने मीडिया को बताया कि उन्होंने जब धमाके की आवाज सुनी तो उन्हें लगा कि जनरेटर फट गया है। बाद में उन्हें यह समझने में 2 मिनट लग गए कि ग्रेनेड फेंका गया है। पुलिस उपायुक्त मनप्रीत सिंह भी मौके पर पहुंच गए हैं। उन्होंने फॉरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया है। बता दें कि इससे पहले पटियाला की बादशाहपुर पुलिस चौकी में भी धमाका हो चुका है।

ट्विटर पोस्ट

घटना के बाद मौके पर जांच करती पुलिस

जानकारी

पंजाब में लगातार हो रहे ग्रेनेड हमले

पंजाब में ग्रेनेड हमले बढ़ गए हैं। नवंबर 2024 और फरवरी 2025 के बीच पंजाब में पुलिस थानों के बाहर 10 विस्फोट हो चुके हैं। पिछले महीने जालंधर में एक यूट्यूबर के घर पर ग्रेनेड फेंका गया। अमृतसर के खंडवाला में भी विस्फोट किया गया।