Page Loader
पंजाब: स्वतंत्रता दिवस समारोह में भाग लेने के बाद कोरोना संक्रमित पाए गए राजस्व मंत्री कांगड़

पंजाब: स्वतंत्रता दिवस समारोह में भाग लेने के बाद कोरोना संक्रमित पाए गए राजस्व मंत्री कांगड़

Aug 16, 2020
03:55 pm

क्या है खबर?

पंजाब के कैबिनेट मंत्री गुरप्रीत कांगड़ कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। पंजाब सरकार में राजस्व मंत्री कांगड़ शनिवार को मानसा में एक स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल हुए थे। यहां उन्होंने नियमों का उल्लंघन करते हुए मास्क नहीं पहना था। शनिवार को गले में परेशानी होने के बाद कांगड़ का कोरोना वायरस टेस्ट किया गया था, जिसकी रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। इसके बाद से वो अपने घर में आइसोलेशन में हैं।

बयान

कांगड़ बोले- सेहत ठीक, चिंता की बात नहीं

द ट्रिब्यून से बात करते हुए कांगड़ ने कहा, "मैं कोरोना संक्रमित पाया गया हूं, लेकिन मेरी सेहत ठीक है और अच्छा इलाज चल रहा है। इसलिए चिंता की कोई बात नहीं है।" कांगड़ के अलावा उनकी बहू में भी संक्रमण की पुष्टि हुई है। अब परिवार के बाकी लोगों का कोरोना वायरस टेस्ट किया जाएगा। कांगड़ से पहले पंजाब कांग्रेस के दो विधायक और कैबिनेट मंत्री राजेंद्र सिंह बाजवा भी इस खतरनाक वायरस की चपेट में आ चुके हैं।

विडंबना

मास्क के महत्व पर दिया था भाषण

इंडिया टूडे के मुताबिक, कांगड़ ने स्वतंत्रता दिवस समारोह में कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई में मास्क की महत्वता पर भाषण दिया था। लापरवाही देखिये कि यह भाषण देते वक्त उन्होंने खुद मास्क नहीं पहना था। मानसा कि डिप्टी कमिश्नर मोहिंदर पाल सिंह ने कहा कि कांगड़ का रैपिड एंटीजन टेस्ट किया गया था, जिसमें वो संक्रमित पाए गए हैं। इसके बाद से मंत्री के साथ बैठक में शामिल जिला प्रशासन के सभी बड़े अधिकारी होम क्वारंटाइन हो गए हैं।

जानकारी

कांगड़ ने की थी कई लोगों से मुलाकात

कांगड़ शुक्रवार को मानसा पहुंचे थे। यहां उन्होंने सरकारी अधिकारियों के साथ बैठक की और पार्टी कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की थी। साथ ही उन्होंने स्वतंत्रता दिवस समारोह पर मेधावी छात्रों को सम्मानित करने के बाद उनसे बातचीत की थी।

कोरोना वायरस

पंजाब में 30,000 से ज्यादा मामले

इसी बीच पंजाब में कोरोना वायरस के मामले 30,000 से पार पहुंच गए हैं। शनिवार को राज्य में 1,033 नए मरीज मिले और 40 लोगों की मौत हुई। इसके साथ ही यहां संक्रमितों की संख्या बढ़कर 30,041 हो गई है। इनमें से 10,407 सक्रिय मामले हैं, 18,863 लोग ठीक चुके हैं और 771 की मौत हुई है। शनिवार को अकेले पटियाला जिले में 202 नए मामले सामने आए। बीते कुछ दिनों से पंजाब में संक्रमण तेजी से फैल रहा है।

कोरोना वायरस

देश में 26 लाख के पास पहुंची संक्रमितों की संख्या

वहीं पूरे देश की बात करें तो संक्रमितों की संख्या 26 लाख के पास पहंच गई है। देश में बीते दिन कोरोना वायरस के 63,490 नए मामले सामने आए और 944 मरीजों ने इसकी वजह से दम तोड़ा। इसी के साथ कुल मामलों की संख्या 25,89,682 हो गई है और 49,980 लोगों की मौत हुई है। बता दें कि भारत में पिछले 12 दिनों से रोजाना दुनिया में सबसे अधिक नए मरीज मिल रहे हैं।