Page Loader
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांटो के साथ की अहम बैठक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांटो ने की विभिन्न मुद्दों पर चर्चा (तस्वीर: एक्स/@shahidsiddiqui)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांटो के साथ की अहम बैठक

Jan 25, 2025
01:44 pm

क्या है खबर?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गणतंत्र दिवस समारोह से पहले शनिवार को हैदराबाद हाउस में इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांटो के साथ अहम बैठक की। इसमें दोनों नेताओं ने राजनीतिक, रक्षा और सुरक्षा सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा की। बैठक के बाद ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइलों पर भी घोषणा की संभावना है, जिसे इंडोनेशिया भारत से खरीदना चाहता है। बता दें कि सुबियांटो गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में भारत आए हैं।

श्रद्धांजलि

सुबियांटो ने महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि

राष्ट्रपति सुबियांटो का नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में भी औपचारिक स्वागत किया गया। यह उनकी यात्रा के महत्व को दर्शाता है और भारत तथा इंडोनेशिया के बीच कूटनीतिक चर्चाओं को बढ़ाने के लिए मंच तैयार करता है। इसके बाद सुबियांटो ने राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी और आगंतुक पुस्तिका पर हस्ताक्षर किए। सुबियांटो के साथ विदेश राज्य मंत्री पाबित्रा मार्गेरिटा भी थीं। अक्टूबर 2024 में पदभार ग्रहण करने के बाद सुबियांटो की यह पहली भारत यात्रा है।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखें वीडियो

बयान

सुबियांटो ने भारत को बताया महान मित्र

भारत आने के बाद राष्ट्रपति सुबियांटो ने कहा, "मैं आज प्राप्त सम्मान पर गहरी प्रशंसा व्यक्त करता हूं। मुझे आधिकारिक तौर पर भारत आमंत्रित किया गया है। इंडोनेशिया, भारत को अपना बहुत अच्छा मित्र मानता है।" उन्होंने आगे कहा, "भारत उन पहले देशों में से एक था, शायद पहला देश जिसने हमारी स्वतंत्रता को मान्यता दी और स्वतंत्रता के लिए हमारे संघर्ष में हमारा समर्थन किया। हम कभी नहीं भूलेंगे कि भारत ने हमारी मदद के लिए क्या किया।"