जम्मू-श्रीनगर हाइवे पर निर्माणाधीन सुरंग का हिस्सा गिरने से चार घायल, 10 मजदूर लापता
जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाइवे पर रामबाण जिले के पास बन रही चार लेन सुरंग का एक हिस्सा गिरने से चार लोग घायल हो गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि कई लोग अभी भी मलबे में दबे हुए हैं, जिन्हें निकालने का काम चल रहा है। गुरुवार देर रात ऑडिट के दौरान खूनी नाला के पास सुरंग का सामने का एक हिस्सा टूटकर गिर गया था। इसकी जानकारी मिलने पर पुलिस और भारतीय सेना ने संयुक्त राहत और बचाव अभियान चलाया।
हादसे के बाद से 10 मजदूर लापता
बचाव अभियान चला रहे अधिकारियों ने बताया कि चार लोगों को घायल अवस्था में बाहर निकाला गया है और कई अब भी सुरंग में फंसे हुए हैं। निर्माण कार्य के लिए सुरंग के पास खड़े किए गए कई वाहनों, ट्रकों और दूसरी मशीनों को भी इस हादसे में नुकसान पहुंचा है। जम्मू-कश्मीर आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने बताया कि हादसे के बाद 10 मजदूर लापता है। उन्हें बचाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी
हादसे की सूचना मिलने पर रामबान के उपायुक्त मस्सरतुल इस्लाम और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मोहिता शर्मा मौके पर पहुंचे। उनकी निगरानी में बचाव अभियान आगे बढ़ रहा है। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए मौके पर कई एंबुलेंस भेजी गईं और नेशनल हाइवे पर ट्रैफिक को रोक दिया गया था। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद लापता हुए मजदूर सुरंग बनाने वाली कंपनी के लिए काम करते थे।
लापता मजदूरों का विवरण
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हादसे के बाद लापता हुए मजदूरों का विवरण इस प्रकार है- जादव रॉय (23), गौतम रॉय (22), सुधीर रॉय (31), दीपक रॉय (33) और परिमल रॉय (38)। ये सभी पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं। शिव चौहान (26) असम, नवाज चौधरी (26), कुशी राम (25) दोनों नेपाल के नागरिक और जम्मू-कश्मीर के रहने वाले 38 वर्षीय मुजफ्फर और 30 वर्षीय इशरत हादसे के बाद लापता बताए जा रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने दी हादसे की जानकारी
केंद्रीय मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह ने ट्विटर पर लिखा कि वो लगातार उपायुक्त के संपर्क में बने हुए हैं। मलबे में अभी 10 मजदूर फंसे हुए हैं। दो और लोगों को घायल अवस्था में निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है। उन्होंने आगे लिखा कि राहत अभियान अभी जारी है और पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार इस पर नजर रखे हुए हैं। बता दें यह हादसा रामबान और रामसु के बीच निर्मणाधीन सुरंग में हुआ है।