जम्मू-कश्मीर: LoC पर सेना के चार जवान शहीद, भारत ने आठ पाकिस्तानी सैनिकों को किया ढेर
जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। पाकिस्तानी सेना ने शुक्रवार को नियंत्रण रेखा (LoC) पर कमलकोट, गुरेज और केरन सेक्टर में सीजफायर का उल्लंघन करते हुए भारी गोलीबारी की और मोर्टार भी दागे। इसमें सीमा सुरक्षा बल (BSF) के एक जवान सहित कुल चार जवान शहीद हो गए और चार अन्य नागरिकों की मौत हो गई। भारतीय सेना ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तानी सेना के आठ सैनिक मार गिराए।
पाकिस्तान ने कुपवाड़ा से की संघर्ष विराम के उल्लंघन की शुरुआत
न्यूज 18 के अनुसार सेना द्वारा बयान में कहा गया है कि पाकिस्तान ने सुबह कुपवाड़ा जिले के टंगडार और करनाह सेक्टर के धानी, सदपोरा, हाजीतारा और जद्दा चौकियों और आसपास की बस्तियों से संघर्ष विराम का उल्लंघन शुरू किया था। इसके बाद पाकिस्तानी सेना ने कमलकोट और बांदीपोरा के गुरेज सेक्टर में भी फायरिंग कर दी। इसके अलावा भारी तादात में मोर्टार भी दागे गए। इससे ग्रामीण घरों को छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर चले गए।
नौगाम सेक्टर में शहीद हुआ BSF का उप निरीक्षक
सेना के अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तानी सेना की फायरिंग में नौगाम में BSF के उप निरीक्षक राकेश डोवाल शहीद हो गए। इसी तरह उरी सेक्टर में तीन अन्य जवानों के शहीद होने के साथ एक महिला और दो अन्य नागरिक की मौत हो गई। इसके अलावा तंगधार सेक्टर में दो सैनिक और तीन अन्य नागरिक घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तान की फायरिंग में छह सैनिकों सहित कुल 12 लोग घायल हुए हैं। उनका उपचार जारी है।
राहुल गांधी ने किया जवानों को सलाम
भारतीय सेना ने जवाबी कार्रवाई करते हुए आठ पाकिस्तानी सैनिकों को किया ढेर
सेना के अधिकारियों ने बताया कि भारतीय सेना ने सभी क्षेत्रों में जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान की घुसपैठ को नाकाम कर दिया। सीमा पर अभी भी दोनों ओर से गोलीबारी और मोर्टार दागे जा रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि भारतीय सैनिकों ने अब तक कुल आठ पाकिस्तानी सैनिकों को ढेर कर दिया है। इसमें पाकिस्तानी सेना विशेष सेवा समूह (SSG) के तीन कमांडो भी शामिल हैं। भारतीय सेना पाकिस्तानी सेना को मुंहतोड़ जवाब दे रही है।
यहां देखें जवाबी कार्रवाई का वीडियो
पिछले सप्ताह शहीद हुए थे तीन भारतीय सैनिक
बता दें कि नवंबर के पहले सप्ताह में भारतीय सेना ने माछिल सैक्टर में घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करते हुए तीन आतंकवादियों को मार गिराया था। इसी तरह पिछले सप्ताह भी पाकिस्तान की ओर से माछिल सेक्टर में संघर्ष विराम को उल्लंघन किया था। इसमें एक कमांडर और BSF जवान सहित तीन सैनिक शहीद हो गए थे। इसके बाद भी सेना ने घुसपैठ की सभी कोशिशों को नाकाम करते हुए आतंकियों को करारा जवाब दिया है।
पाकिस्तान इस साल 4,000 से अधिक बार कर चुका हैं संघर्ष विराम का उल्लंघन
जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद से पाकिस्तान द्वारा लगातार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया जा रहा है। पाकिस्तान इस साल रिकॉर्ड 4,000 से अधिक बार संघर्ष विराम का उल्लंघन कर चुका है। सबसे ज्यादा हमले पुंछ और राजौरी सेक्टर में हुए हैं।