
पाकिस्तानी सेना ने LoC पर लगातार 8वें दिन की गोलीबारी, भारतीय सेना ने दिया करारा जवाब
क्या है खबर?
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में गत 22 अप्रैल को पर्यटकों पर हुए आतंकवादी हमले और भारत की ओर से पाकिस्तान के खिलाफ उठाए गए सख्त कदमों से नियंत्रण रेखा (LoC) पर तनाव बढ़ गया है।
पाकिस्तानी सेना LoC पर लगातार संघर्ष विराम का उल्लंघन कर रही है। उसने गुरुवार-शुक्रवार की रात लगातार 8वें दिन भी LoC से लगने वाले कई इलाकों में गोलीबारी।
हालांकि, भारतीय सेना ने भी इस हरकत का करारा जवाब दिया है।
गोलीबारी
पाकिस्तानी सेना ने इन इलाकों में की गोलीबारी
भारतीय सेना के अनुसार, पाकिस्तानी सेना ने 1 और 2 मई की रात कुपवाड़ा, बारामुल्ला, पुंछ, नौशेरा और अखनूर क्षेत्रों के सामने LoC के पार भारतीय चौकियों से बिना उकसावे के लगातार 8वें दिन छोटे हथियारों से गोलीबारी की।
हालांकि, इस गोलीबारी में अभी तक कोई हताहत नहीं हुआ है।
इस दौरान भारतीय सेना के जवानों ने भी पाकिस्तान की इस नापाक करतूत के खिलाफ मोर्चा संभालते हुए संतुलित और आनुपातिक तरीके से करारा जवाब दिया है।
पुनरावृत्ति
पाकिस्तानी सेना लगातार कर रही संघर्ष विराम का उल्लंघन
पाकिस्तानी सेना ने 30 अप्रैल और 01 मई की रात भी कुपवाड़ा, उरी और अखनूर में बिना उकसावे के गोलीबारी की थी।
भारतीय सेना ने उसका भी मुंहतोड़ जवाब दिया था। इससे पहले छठी और 5वीं रात को भी पाकिस्तानी सेना ने संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए LoC पर गोलीबारी की थी।
28-29 अप्रैल की रात को पाकिस्तानी सेना ने कुपवाड़ा और बारामुला और अखनूर सेक्टर में गोलीबारी की। इससे भारत ने उकसावे वाली कार्रवाई करार दिया है।
सख्ती
भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ उठाए कई सख्त कदम
पहलगाम हमले में 26 पर्यटकों की मौत के बाद भारत ने सिंधु जल संधि को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने, नई दिल्ली स्थित पाकिस्तानी उच्चायोग के रक्षा सलाहकारों को अवांछित घोषित कर उन्हें देश छोड़ने का आदेश देने और इस्लामाबाद स्थित भारतीय उच्चायोग में अपने कर्मचारियों की संख्या 55 से घटाकर 30 करने का निर्णय लिया है।
इसी तरह पाकिस्तानी नागरिकों को जारी सभी वीजा रद्द करने और वाघा सीमा को बंद करने का भी फैसला किया है।