Page Loader
महाराष्ट्र: लॉकडाउन नियमों के उल्लंघन में एक लाख से अधिक मामले दर्ज, 24 हजार लोग गिरफ्तार

महाराष्ट्र: लॉकडाउन नियमों के उल्लंघन में एक लाख से अधिक मामले दर्ज, 24 हजार लोग गिरफ्तार

Jun 10, 2020
05:32 pm

क्या है खबर?

देश में 'अनलॉक 1' लागू होने के बाद से कोरोना संक्रमित और मृतकों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। सबसे बुरी हालत महाराष्ट्र की है और वहां 30 जून तक लॉकडाउन लागू है। राज्य की पुलिस लॉकडाउन की पालना के लिए काफी सख्ती बरत रही है। इसी का नतीजा है कि राज्य में 10 जून तक लॉकडाउन नियमों को उल्लंघन में 1.24 लाख मामले दर्ज किए गए हैं, जबकि 24,000 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

रिपोर्ट

भारतीय दंड संहिता की धारा 188 के तहत दर्ज किए मामले

न्यूज एजेंसी ANI की रिपोर्ट के अनुसार महाराष्ट्र में लॉकडाउन अवधि में निमयों का उल्लंघन करने को लेकर IPC की धारा 188 के तहत 124,369 मामले दर्ज किए गए हैं। इसी तरह कुल 23,986 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसी तरह इस अवधि में कुल 80,890 वाहनों को भी जब्त किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार लॉकडाउन अविध में अवैध रूप से परिवहन करने को लेकर कुल 1,332 मामले दर्ज किए गए हैं।

जानकारी

लॉकडाउन में पुलिस पर हमले की 263 घटनाएं हुई

रिपोर्ट के अनुसार लॉकडाउन के दौरान राज्य में पुलिस पर हमले की कुल 263 घटनाएं हुई और इनमें कुल 86 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। इस मामलों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कुल 846 लोगों को गिरफ्तार किया है और कार्रवाई जारी है।

जुर्माना

लॉकडाउन के दौरान पुलिस ने वसूल किया 6.86 करोड़ रुपये का जुर्माना

रिपोर्ट के अनुसार महाराष्ट्र पुलिस ने लॉकडाउन अवधि में की गई कार्रवाई के तहत कुल छह करोड़ 86 लाख 47 हजार 691 रुपये का जुर्माना वसूल किया है। इस दौरान चिकित्साकर्मियों पर हमले की कुल 47 घटनाएं भी हुई है। इसी तरह पुलिस ने 722 लोगों को क्वारंटाइन नियमों का उल्लंघन करने के मामले में भी पकड़ा है। इस अवधि में पुलिस ने आपातकाल नंबर और हेल्पलाइन पर कुल एक लाख एक हजार 97 कॉल रिसीव की है।

पुलिसकर्मी

राज्य में 1,401 पुलिसकर्मी हुए कोरोना से संक्रमित

रिपोर्ट के अनुसार राज्य में 22 मार्च से लेकर 10 जून तक कुल 1,401 पुलिसकर्मियों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। इनमें 188 पुलिस अधिकारी और 1,213 पुलिसकर्मी शामिल है। इसी तरह राज्य में अब तक एक पुलिस अधिकारी और 33 पुलिसकर्मी सहित कुल 34 पुलिस वालों की मौत हो चुकी है। अब पुलिसकर्मियों की जांच की संख्या में इजाफा किया जा रहा है। 50 साल से अधिक उम्र के पुलिसकर्मियों पर घर रहने को कहा गया है।

संक्रमण

महाराष्ट्र में यह है कोरोना संक्रमण की वर्तमान स्थिति

बता दें कि कोरोना संक्रमण के मामले में महाराष्ट्र सबसे अधिक प्रभावित राज्य बना हुआ है। यहां अब तक 90,787 लोगों को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया जा चुका है और 3,289 लोगों की मौत हो चुकी है। इसी तरह मुंबई देश में सबसे अधिक प्रभावित शहर है। संक्रमण के मामले में इसने चीन के वुहान को पीछे छोड़ दिया है। यहां संक्रमितों की संख्या 51,100 पहुंच गई, वहीं अब तक 1,760 लोगों की मौत हुई है।