दिल्ली में बेकाबू DTC बस ने राहगीरों को कुचला; एक की मौत, कई अन्य घायल
क्या है खबर?
देश की राजधानी दिल्ली के आनंद पर्वत इलाके से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहां दिल्ली परिवहन निगम (DTC) की एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित बस ने सड़क किनारे चल रहे कई लोगों को बेरहमी से कुचल दिया। इस भीषण दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया।
हादसा
कैसे हुआ यह हादसा?
पुलिस के अनुसार, आनंद पर्वत क्षेत्र की मुख्य सड़क शनिवार को DTC की यात्री बस अचानक रफ्तार पर काबू न रहने के कारण सीधे फुटपाथ और पैदल चल रहे राहगीरों की तरफ मुड़ गई। उसने कई यात्रियों को अपनी चपेट में लिया।
इस दौरान वहां से गुजर रही एक स्कूटी सीधे बस के नीचे जा घुसी और बुरी तरह फंस गई। इस घटना में एक राहगीर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3-4 अन्य घायल हो गए।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखें वीडियो
#WATCH | Delhi: A DTC bus hit people in Anand Parbat area; one death and several injuries reported. More details awaited. pic.twitter.com/1UK0hhZfAX
— ANI (@ANI) October 17, 2026
कार्रवाई
पुलिस ने क्या की कार्रवाई?
ANI के अनुसार, हादसे से इलाके में भारी जाम और तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और बस को अपने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस प्रशासन इस बात की जांच कर रहा है कि हादसा बस के ब्रेक फेल होने की वजह से हुआ या फिर यह ड्राइवर की किसी बड़ी लापरवाही का नतीजा है।
चश्मदीद के अनुसार, हादसे के वक्त DTC बस को एक महिला चला रही थी।