LOADING...
हिमाचल प्रदेश: चंबा में खाई में मिली बस; नौ की मौत और 10 अन्य घायल

हिमाचल प्रदेश: चंबा में खाई में मिली बस; नौ की मौत और 10 अन्य घायल

Mar 10, 2021
05:05 pm

क्या है खबर?

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के तीसा क्षेत्र में बुधवार सुबह सवारियों से भरी निजी बस गहरी खाई में जा गिरी। इससे बस में तीन महिलाओं सहित नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को खाई से निकालकर अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद एक-एक कर मृतकों के शवों को मोर्चरी पहुंचाया गया। पुलिस अब बस में रखा लोगों का सामान निकालने में जुटी है।

घटना

अनियंत्रित होकर खाई में गिरी बस

चंबा पुलिस अधीक्षक (SP) एस अरुल कुमार ने बताया कि हादसा सुबह 10:15 बजे के करीब हुआ। बताया जा रहा है तीसा के कॉलोनी मोड़ से 500 मीटर पहले बस अनियंत्रित होकर 200 फीट गहरी खाई में जा गिरी। कई लोग जिला मुख्‍यालय चंबा में अपने कामकाज के सिलसिले से आ रहे थे। इसके अलावा कॉलेज विद्यार्थी भी बस में सवार थे। उन्होंने बताया कि हादसे में बस के परखच्‍चे उड़ गए। बस की छत और सीटें बिखर गई।

मौत

हादसे में हुई कुल नौ लोगों की मौत

SP ने बताया कि हादसे में तीन महिलाओं सहित नौ लोगों की मौत हुई है। इनमें भौडास निवासी दिशा (30), भटारी निवासी खेम सिंह (30), चुहाड़ निवासी भागदेई (55), उमेदा (58), झज्जा निवासी चमन सिंह (25), गलियास निवासी ध्यान सिंह (42), बोंदेड़ी निवासी पुन्नी देवी (35), गलियास निवासी सिंह (42) और नीनोड़ी निवासी गोबिंद सिंह (28) हैं। इसके अलावा 10 अन्य यात्री घायल हो गए। उन्होंने बताया कि घायलों का चंबा अस्‍पताल में उपचार चल रहा है।

जानकारी

छह लोगों ने मौके पर ही तोड़ा दम

SP ने बताया कि हादसे में छह लोगों की मौके पर मौत हो गई थी। दो लोगों ने अस्‍पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इसी तरह बस चालक ने चंबा रैफर किए जाने के बाद कंदला गांव के करीब दम तोड़ दिया था।

दुख

मुख्यमंत्री ने घटना पर जताया दुख

घटना पर मुख्‍यमंत्री जयराम ठाकुर सहित विधानसभा उपाध्‍यक्ष एवं चुराह विधायक हंसराज ने हादसे पर दुख व्‍यक्‍त किया है। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने अधिकारियों की घटना की जांच के आदेश देते हुए घायलों को हरसंभव मदद पहुंचाने के आदेश दिए हैं। इसी तरह मुख्यमंत्री ने हादसे में मृतकों के परिजनों और घायलों को आर्थिक सहायता मुहैया कराने का भी आश्वासन दिया है। विधायक हंसराज विधानसभा की कार्यवाही को छोड़कर घटनास्थल के लिए रवाना हो गए।

पुनरावृत्ति

पिछले साल भी मार्च में हुआ था बड़ा हादसा

पिछले साल भी 10 मार्च को चंबा पठानकोट मार्ग पर भीषण बस हादसा हुआ था। हिमाचल प्रदेश राज्य पथ परिवहन निगम की बस कांदू के समीप दुघर्टनाग्रस्त हो गई थी। उस हादसे में बस सवाल छह लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 34 अन्य लोग घायल हुए थे। एक साल बाद फ‍िर 10 मार्च को यह भयावह हादसा हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार गूंज उठी। स्थानीय लोगों घायलों को खाई से निकाले में खासी परेशानी हुई।