
कोरोना वायरस: देश में बीते दिन 10,667 नए मामले, 10,000 के नजदीक पहुंचा मौत का आंकड़ा
क्या है खबर?
भारत में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 10,667 नए मामले सामने आए और 380 मरीजों ने इसकी वजह से दम तोड़ा। लगातार तीन दिन के बाद ये पहली बार है जब देश में 11,000 से कम नए मामले आए हैं। 14 जून को रिकॉर्ड 11,929 नए मामले सामने आए थे। इसी के साथ कुल मामलों की संख्या 3,43,091 हो गई है, वहीं 9,900 की मौत हुई है। सक्रिय मामलों की संख्या 1,53,178 है।
डाटा
पिछले 24 घंटे में ठीक हुए 10,215 मरीज
अगर ठीक होने वाले मरीजों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में 10,215 मरीज ठीक हुए। इसी के साथ ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 1,800,13 पहुंच गई है जो कुल मामलों की 52.46 प्रतिशत है।
स्थिति
महाराष्ट्र और मुंबई सबसे अधिक प्रभावित
महाराष्ट्र देश का कोरोना वायरस से सबसे अधिक प्रभावित राज्य और मुंबई अधिक प्रभावित शहर बना हुआ है। महाराष्ट्र में अब तक 1,10,744 लोगों को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया जा चुका है, वहीं 4,128 की मौत हुई है। वहीं मुंबई में मरीजों की संख्या 59,293 पहुंच गई है और 2,250 मरीजों की मौत हुई है। पिछले 24 घंटे में महाराष्ट्र में 178 लोगों की मौत हुई, जिनमें से 68 अकेले मुंबई में हुईं।
अन्य राज्य
महाराष्ट्र के बाद ये तीन राज्य सबसे अधिक प्रभावित
तमिलनाडु दूसरा सबसे अधिक प्रभावित राज्य बना हुआ है और यहां अब तक 46,504 लोगों को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया जा चुका है, वहीं 479 की मौत हुई है। तीसरे नंबर का काबिज दिल्ली में 42,829 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है जिनमें से 1,400 की मौत हुई है। शहर में पिछले 24 घंटे में 1,647 नए मामले सामने आए। 24,055 मामलों और 1,505 मौतों के साथ गुजरात चौथा सबसे अधिक प्रभावित राज्य बना हुआ है।
बैठक
मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक करेंगे प्रधानमंत्री मोदी
देशभर में तेजी से बढ़ते कोरोना वायरस के मामलों पर चर्चा करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी दो दिन मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक करेंगे और आज वे पंजाब, केरल, गोवा, उत्तराखंड, झारखंड और पूर्वोत्तर राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ चर्चा करेंगे। वहीं कल दिल्ली, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, गुजरात, बिहार और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्रियों के साथ कोरोना वायरस की स्थिति पर चर्चा की जाएगी।
दुनिया की स्थिति
दुनियाभर में संक्रमितों की संख्या 80 लाख के पार
अगर पूरी दुनिया की बात करें तो कोरोना वायरस मरीजों की संख्या 80 लाख को पार कर गई है और अब तक 4.36 लाख लोगों की वायरस की वजह से मौत हुई है। अमेरिका सबसे अधिक प्रभावित देश है। यहां अब तक 21.13 लाख मामले सामने आए हैं और 1.16 लाख लोगों की मौत हुई है। 8.88 लाख मामलों और 43,959 मौतों के साथ ब्राजील दूसरे और 5.36 लाख मामलों और 7,081 मौतें के साथ रूस तीसरे स्थान पर है।