Page Loader
कोरोना वायरस: भारत में बीते दिन लगभग 50,000 नए मामले, कुल मौतों की संख्या 30,000 पार

कोरोना वायरस: भारत में बीते दिन लगभग 50,000 नए मामले, कुल मौतों की संख्या 30,000 पार

Jul 24, 2020
10:12 am

क्या है खबर?

भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 49,310 नए मामले सामने आए और 740 मरीजों ने इसकी वजह से दम तोड़ा। ये अब तक एक दिन में सामने आए सबसे अधिक मामले और मौते हैं। इससे पहले कल 45,720 नए मामले सामने आए थे। इसी के साथ देश में कुल मामलों की संख्या 12,87,945 हो गई है, वहीं 30,601 लोगों की कोरोना के संक्रमण से मौत हुई है। सक्रिय मामलों की संख्या 4,40,135 है।

रिकवरी रेट

पिछले 24 घंटे में ठीक हुए 34,602 मरीज

ठीक होने वाले मरीजों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में कोरोना के 34,602 मरीज ठीक हुए और ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 8,17,209 हो गई है, जो कुल मामलों की 63.45 प्रतिशत है। ये अब तक एक दिन में ठीक हुए मरीजों की सबसे अधिक संख्या है। अगर टेस्ट की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 3,52,801 टेस्ट किए गए गए टेस्ट की संख्या 1.54 करोड़ हो गई है।

राज्यों की स्थिति

ये हैं चार सबसे अधिक प्रभावित राज्य

महाराष्ट्र देश का सर्वाधिक प्रभावित राज्य बना हुआ है और यहां अब तक 3,47,502 लोगों को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया जा चुका है, जिनमें से 12,854 की मौत हुई है। वहीं दूसरे स्थान पर काबिज तमिलनाडु में अब तक 1,92,964 मामले सामने आए हैं और 3,232 की मौत हुई है। 3,745 मौत और 1,27,364 मामलों के साथ दिल्ली और 1,616 मौत और 80,863 मामलों के साथ कर्नाटक अगले दो सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य हैं।

नए मामले

आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में बीते दिन रिकॉर्ड नए मामले

महाराष्ट्र में बीते दिन 9,895 नए मामले सामने आए और 298 लोगों की मौत हुई। इससे पहले कल राज्य में 10,000 से अधिक नए मामले सामने आए थे। वहीं आंध्र प्रदेश में बीते दिन 7,998 और तमिलनाडु में 6,472 मामले सामने आए, जो दोनों राज्यों में अब तक एक दिन में सामने आए सबसे अधिक मामले हैं। इसके अलावा पिछले 24 घंटे में कर्नाटक में 5,030 और दिल्ली में 1,041 नए मामले सामने आए।

दुनिया की स्थिति

अमेरिका सबसे अधिक प्रभावित, ब्राजील दूसरा

पूरी दुनिया की बात करें तो अब तक 1.54 करोड़ लोग इस खतरनाक वायरस से इससे संक्रमित हो चुके हैं और 6.32 लाख मरीजों की मौत हुई है। सबसे अधिक प्रभावित देश अमेरिका में 40.34 लाख लोग संक्रमित हुए हैं और 1.44 लाख लोगों की मौत हुई है। वहीं ब्राजील में 22.87 लाख संक्रमितों में से 84,082 की मौत हुई है। संक्रमितों की संख्या के मामले में भारत तीसरे और मौतों के मामले में छठवें स्थान पर है।