Loading...
मुंबई: मार्च से अपनी मां के शव के साथ रहती पाई गई महिला

मुंबई: मार्च से अपनी मां के शव के साथ रहती पाई गई महिला

Nov 23, 2020
10:42 am

क्या है खबर?

मुबंई पुलिस ने शनिवार को एक 83 वर्षीय महिला का शव उसके घर से बरामद किया था। अधिकारियों ने बताया कि मार्च में महिला की मौत हो गई थी, लेकिन उसकी 53 वर्षीय बेटी ने किसी को इसकी सूचना नहीं दी। वह मार्च से अब तक लाश के साथ अपने घर में रह रही थी। महिला का घर बांद्रा (पश्चिम) के चुइम गांव में स्थित है। आइये, इस घटना के बारे में विस्तार से जानते हैं।

घटना

कैसे चला मामले का पता?

यह मामला शनिवार को सामने आया, जब पड़ोसियों ने मृतक महिला की बेटी की पुलिस से शिकायत की।

महिला की बेटी अपनी खिड़की से कचरा फेंक रही थी। इसकी शिकायत मिलने के बाद पुलिसकर्मी महिला के घर पहुंचे। वो जैसे ही अंदर घुसे, वहां का नजारा देखकर चौंक गए।

उन्होंने देखा कि घर में महिला का शव रखा हुआ है और उसकी बेटी उसी के साथ पिछले कई महीनों से रह रही है।

जानकारी

मानसिक परेशानी से जूझ रही महिला की बेटी

मुंबई मिरर के अनुसार, महिला के पड़ोसियों ने बताया कि उसकी बेटी मानसिक परेशानी से जूझ रही है।

पुलिस मान रही है कि इसी वजह से उसने किसी को अपनी मां के निधन के खबर नहीं दी।

बताया जा रहा है कि महिला की बेटी ने ऐसा ही तब किया था, जब कुछ साल पहले उसके पालतू कुत्ते की मौत हो गई थी।

वह तब भी कई दिनों तक कुत्ते के शव के साथ अपने घर में रही थी।

ADVERTISEMENT

जांच

अपनी मां की मौत से जुड़े सवालों का जवाब नहीं दे पाई महिला

घटना के बारे में जानकारी देते हुए एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतक महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है।

उन्होंने आगे बताया कि महिला की बेटी को भी मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया है। वह अपनी मां की मौत से जुड़े सवालों के जवाब नहीं दे पाई है। साथ ही वह यह भी नहीं बता पाई कि उसने इस घटना के बारे में किसी को सूचना क्यों नहीं दी।

ADVERTISEMENT

पुरानी घटना

सितंबर में चेन्नई में भी सामने आया था ऐसा मामला

लाश के साथ रहने का यह पहला मामला नहीं है। पहले भी ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं।

एक ऐसा मामला इसी साल सितंबर में चेन्नई में आया था, जहां एक महिला अपने बेटे के शव के साथ तीन दिन तक अकेले रही थी। इसके बाद उसने इसकी सूचना दूसरे लोगों की दो।

यह घटना चेन्नई के अवाड़ी इलाके की थी।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, महिला के सात वर्षीय बेटे की भूख के कारण मौत हुई थी।

ADVERTISEMENT