Page Loader
मुंबई: पुलिस को मिली 26/11 जैसे हमले की धमकी, प्रधानमंत्री मोदी भी निशाने पर
मुंबई पुलिस को फिर मिली 26/11 जैसे हमले की धमकी

मुंबई: पुलिस को मिली 26/11 जैसे हमले की धमकी, प्रधानमंत्री मोदी भी निशाने पर

लेखन गजेंद्र
Jul 18, 2023
12:47 pm

क्या है खबर?

मुंबई पुलिस को मंगलवार को एक धमकी भरी कॉल मिली, जिसमें धमकी देने वालों ने 26/11 जैसा हमले करने की चेतावनी दी। इस बार फोन कर धमकी देने वालों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी निशाने पर लेने की बात कही। मुंबई पुलिस ने कहा कि अज्ञात कॉलर के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 509 (2) के तहत मामला दर्ज जांच शुरू कर दी गई है।

धमकी

12 जुलाई को भी मिली थी धमकी

मुंबई पुलिस को 26/11 जैसे हमले की धमकी पहली बार नहीं मिली है। इससे पहले मुंबई यातायात पुलिस को 12 जुलाई को अज्ञात लोगों ने कॉल कर इस तरह के हमले की धमकी दी थी। अज्ञात कॉलर ने कहा था कि उत्तर प्रदेश में पाकिस्तान से आईं सीमा हैदर को अगर वापस नहीं भेजा गया तो भारत में फिर 26/11 जैसा हमला होगा। सीमा हैदर ग्रेटर नोएडा निवासी सचिन मीणा के प्यार में अवैध तरीके से भारत आई हैं।