LOADING...
पांच बीवियों के खर्चे पूरे करने के लिए 50 औरतों को ठगा, पुलिस ने किया गिरफ्तार

पांच बीवियों के खर्चे पूरे करने के लिए 50 औरतों को ठगा, पुलिस ने किया गिरफ्तार

Oct 17, 2019
12:17 pm

क्या है खबर?

मध्य प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने नौकरी के नाम पर झांसा देकर 50 महिलाओं को ठगने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस को शिकायतें मिल रही थी कि कुछ लोग भोपाल स्थित AIIMS में नर्स की नौकरी दिलाने का झांसा देकर महिलाओं को ठग रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने यह मामला STF को सौंप दिया था। अब STF ने इस गिरोह के सरगना को गिरफ्तार किया है। आइये, यह पूरी खबर जानते हैं।

गिरफ्तारी

अपनी पत्नियों के खर्च पूरे करने के लिए ठगी करता था आरोपी

मामले की जांच में जुटी STF ने जबलपुर के रहने वाले दिलशाद खान और उसके सहयोगी अलोक कुमार को गिरफ्तार किया है। STF के ADG अशोक अवस्थी ने कहा कि यह गिरोह महिलाओं को नौकरी का झांसा देता था। यह गिरोह ऐसी महिलाओं को निशाना बनाता था, जिन्हें नौकरी की जरूरत होती थी। उन्होंने कहा कि दिलशाद खान की पांच बीवियां हैं और उनके खर्चे पूरे करने के लिए उसने लोगों को ठगना शुरू कर दिया।

झांसा

AIIMS के नकली ज्वाइनिंग लेटर तैयार करते थे आरोपी

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी नर्सिंग के कोर्स करने की इच्छुक लड़कियों और महिलाओं को भरोसा दिलाने के लिए नकली सेलेक्शन लिस्ट तैयार करते थे। वहीं, कोर्स कर चुकी लड़कियों से AIIMS में नौकरी दिलाने के नाम पर चार से छह लाख रुपये लेते थे। इसके लिए वो उन्हें AIIMS का नकली ज्वाइनिंग लेटर थमा देते थे। ठगी की शिकार हुई चार लड़कियों ने पुलिस से इसकी शिकायत की, जिसकी बाद पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू की थी।

आरोप

दो करोड़ रुपये ठग चुके हैं आरोपी

आरोपी खान ने पूछताछ में बताया कि उसकी पांच में से एक पत्नी जबलपुर में प्राइवेट क्लीनिक चलाती है। वहीं दूसरे आरोपी कुमार की पत्नी महिलाओं के सरकारी हॉस्टल में सुपरिटेंडेंट हैं। दोनों महिलाएं इस मामले से सीधे तौर पर नहीं जुड़ी है, लेकिन STF उन्हें पूछताछ के लिए बुला सकती है। फिलहाल STF उन महिलाओं की तलाश में जुटी है, जो इस गिरोह का शिकार हुई हैं। कहा जा रहा है कि आरोपियों ने दो करोड़ रुपये ठगे हैं।