Page Loader
तय समय से पहले मुंबई पहुंचा मानसून, पहली बारिश में ही कई जगहों पर हुआ जलभराव
Source- NDTV

तय समय से पहले मुंबई पहुंचा मानसून, पहली बारिश में ही कई जगहों पर हुआ जलभराव

Jun 09, 2021
01:13 pm

क्या है खबर?

दक्षिण-पश्चिमी मानसून ने बुधवार सुबह तय समय से एक दिन पहले मुंबई और महाराष्ट्र के कुछ इलाकों में दस्तक दी। राजधानी मुंबई में सुबह भारी बारिश हुई जिसके कारण कई सड़कों और सुरंगों में पानी भर गया। इसके कारण ट्रैफिक और लोकल ट्रेन की सेवाओं में भी व्यवधान पड़ा है। मौसम विभाग ने मुंबई और उसके आसपास के उपनगरों में मध्यम बारिश का अनुमान लगाया है, वहीं कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है।

अनुमान

मानसून के 10 जून को मुंबई पहुंचने का था अनुमान

मौसम विभाग के मुंबई प्रमुख डॉ जयंत सरकार ने मुंबई में मानसून आने की पुष्टि करते हुए कहा कि बारिश उम्मीद से अधिक तेजी से आगे बढ़ रही है। 3 जून को केरल में दस्तक देने वाले मानसून को पहले 10 जून को मुंबई में दस्तक देनी थी, लेकिन यह एक दिन पहले ही मुंबई पहुंच गया। मानसून महाराष्ट्र के अंदरूनी इलाकों से होते हुए अगले 48 घंटे में तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, ओडिशा और बंगाल में दस्तक दे सकता है।

बारिश

कहां कितनी बारिश?

मानसून के आज सुबह मुंबई पहुंचने के बाद से ही शहर में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। कुलाबा में आज सुबह 8:30 बजे खत्म हुए 24 घंटों में 77 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है, वहीं सैंटाक्रूज में 60 मिलीमीटर बारिश हुई। इसी तरह सुबह 8 बजे तक मुंबई में 48.49 मिलीमीटर, पूर्वी उपनगर में 66.99 मिलीमीटर और पश्चिमी उपनगर में 48.99 मिलीमीटर बारिश हुई। बेलापुर में 168 मिलीमीटर और चेंबूर में 125 मिलीमीटर बारिश हुई है।

जानकारी

अन्य इलाकों में हुई इतनी बारिश

इसी तरह वर्ली और मालवानी में पिछले 24 घंटे में 105-105 मिलीमीटर बारिश हुई, वहीं कांदिवली, बोरीवली, मुंब्रा, पवई और जुहू में 71 मिलीमीटर और 94 मिलीमीटर के बीच बारिश हुई।

जलभराव

मुंबई में कई जगह हुआ जलभराव

बारिश के कारण मुंबई के कई इलाकों में पानी भर गया है। इनमें किंग सर्कल का गांधी मार्केट, सायन और विले पार्ले का मिलान सबवे भी शामिल है। मिलान सबवे की तस्वीरों में ऑटो और दोपहियों को घुटनों तक के पानी से निकलते हुए देखा जा सकता है। वहीं सायन के एक वीडियो में सड़कों पर टखने तक का पानी देखा जा सकता है। कुछ अन्य वीडियो में आसमान में काले बादल छाए हुए देखे जा सकते हैं।

ट्विटर पोस्ट

पहली बारिश में ही खुली सिस्टम की पोल

लोकल ट्रेन

इन जगहों पर लोकल ट्रेन सेवाओं पर पड़ा असर

बारिश का मुंबई शहर की लाइफलाइन लोकल ट्रेनों पर खास असर नहीं पड़ा है और ज्यादातर जगह ये बिना व्यवधान के जारी हैं। हालांकि छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनल (CSMT) से कुर्ला जाने वाली लोकल ट्रेनें सायन और कुर्ला के बीच जलभराव के कारण सुबह 9:50 बजे से बंद हैं। वहीं CSMT और ठाणे के बीच ट्रेन सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं। CSMT-वशी की लोकल ट्रेन सेवाएं भी जलभराव के कारण सुबह 10:20 बजे से बंद हैं।