Page Loader
भारतीय पर्वतारोही अनुराग मालू जीवित मिले, नेपाल के अन्नपूर्णा पर्वत से उतरते समय हुए थे लापता 
नेपाल के अन्नपूर्णा पर्वत से लापता पर्वतारोही अनुराग मालू जीवित मिले (तस्वीर: ट्विटर/@charupragya)

भारतीय पर्वतारोही अनुराग मालू जीवित मिले, नेपाल के अन्नपूर्णा पर्वत से उतरते समय हुए थे लापता 

लेखन गजेंद्र
Apr 20, 2023
12:00 pm

क्या है खबर?

नेपाल के अन्नपूर्णा पर्वत से उतरते समय लापता हुए राजस्थान के किशनगढ़ के रहने वाले पर्वतारोही अनुराग मालू जीवित मिले हैं। उनके भाई सुधीर ने यह जानकारी दी। सुधीर ने बताया, "अनुराग जीवित पाया गया है। वह अस्पताल में भर्ती है, जहां उसकी हालत गंभीर है।" पेशे से उद्यमी मालू पिछले हफ्ते अन्नपूर्णा पर्वत पर चढ़ने के लिए निकले थे और 17 अप्रैल को उतरते समय जब वह 6,000 मीटर की ऊंचाई से गिरकर लापता हो गए थे।

लापता

एक दिन पहले जीवित मिली थीं पर्वतारोही बलजीत कौर

अन्नपूर्णा पर्वत से ही उतरते समय 17 अप्रैल को हिमाचल प्रदेश की रहने वाली पर्वतारोही बलजीत कौर लापता हो गई थीं। कल ही वह 7,300 मीटर की ऊंचाई पर जिंदा मिली थीं। कौर एक महीने के भीतर 4 बार 8,000 मीटर की चोटी पर चढ़ने वाली पहली भारतीय पर्वतारोही हैं। सोमवार को उनका रेडियो कॉन्टैक्ट चला गया था, जिसके बाद उनको ढूंढना मुश्किल हो रहा था। बाद में सर्च अभियान की टीम ने उनको ढूंढ निकाला।