मणिपुर में 3 की गोली मारकर हत्या, आक्रोशित लोगों ने मुख्यमंत्री आवास के बाहर शव छोड़ा
क्या है खबर?
मणिपुर में जातीय हिंसा थम नहीं रही है। सोमवार को इम्फाल पूर्वी जिले में नोंगसुम हिल्स के पास संदिग्ध कुकी उग्रवादियों के हमले में 3 मैतेई युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान नोगसुम मायाई लेइकाई निवासी अरुबम रोनिल (32), नोगसुम अवांग लेइकाई निवासी लैरेनलाकपाम इनाओबी (44) और उयुम्पोक मायाई लेइकाई निवासी क्षत्रिमयुम सुशील (32) के रूप में हुई है। घटना में 3 अन्य लोगों के घायल होने की संभावना है।
गोलीबारी
आग जलाने की लकड़ी लेने गए थे युवक
घटना सोमवार सुबह करीब 9 बजे खोंगबान सुनुरोक में घटी, जो सगोलमान पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आता है। हमले का स्थान इम्फाल पूर्व और कुकी बहुल कांगपोकपी जिले की सीमा पर स्थित है।
बताया जा रहा है कि घटना के समय मैतेई पुरुष जंगल में जलाऊ लकड़ी इकट्ठा करने गए थे। तभी उन पर गोलीबारी की गई।
पहले 3 लोग लापता बताए जा रहे थे, लेकिन अब उनके घायल होने की सूचना मिली है।
विरोध
मुख्यमंत्री के घर के बाहर शव रखा
घटना के बाद तनाव तब बढ़ गया, जब आक्रोशित स्थानीय लोग शवों को राज्य की राजधानी ले आए। उन्होंने शवों को बाबुपारा स्थित मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह के आवास के मुख्य द्वार के बाहर रख दिया।
तभी पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के कई गोले दागे, जिसके बाद शवों को जवाहरलाल नेहरू आयुर्वेद संस्थान (JNIMS) ले जाया गया।
मुख्यमंत्री बंगले और उससे जुड़े रास्तों पर सुरक्षा भी कड़ी कर दी गई है।