Page Loader
मुंबई: लॉकडाउन में घर से निकलने पर गुस्साए युवक ने कर दी छोटे भाई की हत्या

मुंबई: लॉकडाउन में घर से निकलने पर गुस्साए युवक ने कर दी छोटे भाई की हत्या

Mar 26, 2020
07:13 pm

क्या है खबर?

देश में लगातार बढ़ते कोरोना संक्रमण के कारण सभी चिंतित हैं, जिस कारण देशभर में लॉकडाउन किया गया है। वायरस के तेजी से बढ़ते संक्रमण के कारण लोगों में तरह-तरह की धारणाएं बन रही हैं। इन धारणाओं ने लोगों को कोरोना को लेकर काफी संवेदनशील बना दिया है। इसी संवेदनशीलता एक भयानक उदाहरण महाराष्ट्र के मुंबई में सामने आया है। जहां एक युवक ने लॉकडाउन में घर से बाहर निकलने पर अपने छोटे भाई की हत्या कर दी।

घटना

मना करने के बाद भी घर से बाहर निकलने पर की हत्या

मुंबई के कांदिवली (ईस्ट) के समता नगर थाना पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान दुर्गेश ठाकुर (21) के रूप में हुई है। दुर्गेश पुणे में वेटर का काम करता था। लॉकडाउन के बाद वह अपने भाई राजेश के पास आ गया। राजेश ने दुर्गेश को घर से निकलने से मना किया था, इसके बाद भी वह बाहर चला गया। वापस आने पर दोनों में झगड़ा हो गया और राजेश ने नुकीली चीज से उसके सिर पर हमला कर दिया।

गिरफ्तार

पुलिस ने हत्या के आरोप में राजेश को किया गिरफ्तार

पुलिस ने बताया कि राजेश के नुकीली चीज से हमला करने के बाद दुर्गेश के सिर से काफी खून बह गया। राजेश घबरा गया और उसे नजदीकी अस्पताल में लेकर पहुंच गया। वहां चिकित्सकों ने दुर्गेश को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर अस्पताल पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और हत्या के आरोप में उसके भाई राजेश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस वारदात में काम लिए हथियार को बरामद करने का प्रयास कर रही है।

आत्महत्या

पहले भी सामने आया था इसी तरह का मामला

कोरोना को लेकर बरती जा रही सतर्कता में यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में बिछुरैया गांव में कोरोना के कारण पत्नी द्वारा घर से बाहर कपड़े उतारने और नहाने के बाद घर में घुसने की कहने को लेकर हुई कहासुनी के बाद रवि सिंह (35) पुत्र कुंवर पाल ने फंदे से झूलकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

कुल मामले

भारत में 649 लोगों के हुई कोरोना संक्रमण की पुष्टि

गुरुवार को शाम 06:30 बजे तक भारत में 649 लोगों के कोरोना संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। इनमें 59 नए मामले गुरुवार को सामने आए हैं। इसी तरह 42 मीरजों को उपचार के बाद स्वस्थ होने पर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। सरकार के आंकड़ों के अनुसार देश में अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है। ICMR के अनुसार बुधवार शाम 8 बजे तक 24,254 लोगों के 25,144 नमूनों की जांच की जा चुकी थीं।