Page Loader
महाराष्ट्र: कई इलाकों में ठंड बढ़ने के संकेत, 2 फरवरी तक चलेगी शीतलहर
महाराष्ट्र के कई इलाकों में फिर लौट सकती है ठंड (तस्वीर: unsplash)

महाराष्ट्र: कई इलाकों में ठंड बढ़ने के संकेत, 2 फरवरी तक चलेगी शीतलहर

लेखन गजेंद्र
Jan 25, 2023
03:41 pm

क्या है खबर?

महाराष्ट्र के कई इलाकों में ठंड फिर से लौट सकती है। भारतीय मौसम विभाग की पुणे इकाई के मुताबिक, 29 जनवरी से शुरू हो रही ठंड 2 फरवरी तक जारी रहने के आसार हैं। इस दौरान कई इलाकों में शीतलहर का प्रकोप देखने को मिल सकता है और तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी। मुंबई और पुणे में अभी तापमान 15 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच है, जिसमें आगे कुछ दिनों में गिरावट दर्ज की जा सकती है।

मौसम

क्यों बदला मौसम?

मौसम विभाग के मुताबिक, एक पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान के ऊपर स्थित है जो पूर्व की ओर बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र दक्षिण पश्चिम राजस्थान पर बना हुआ है। इसके अलावा एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ 27 जनवरी को संभावित है। इसका असर महाराष्ट्र पर दिखेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, इससे आसमान में बादल छाए रहेंगे जिससे अधिकतम तापमान गिरेगा, लेकिन न्यूनतम तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं दिखेगा।