महाराष्ट्र: नासिक में महिला ने अपार्टमेंट से कूदकर जान दी, घर में मृत मिले 2 बच्चे
क्या है खबर?
महाराष्ट्र के नासिक में एक 30 वर्षीय महिला ने अपार्टमेंट की छत से कूदकर जान दे दी, वहीं महिला के 2 बच्चे घर में मृत पाए गए।
कोणार्क नगर इलाके के हरि वंदन अपार्टमेंट में रहने वाली मृतक महिला की पहचान अश्विनी निकुंभ के रूप में हुई है, जबकि उनके दोनों बच्चे आराध्या (8) और अगस्त्य (2) हैं।
पुलिस को संदेह है कि महिला ने पहले बच्चों को जहर दिया, फिर इमारत से कूदकर आत्महत्या कर ली।
आत्महत्या
पति की प्रताड़ना से तंग आकर की आत्महत्या
पुलिस ने बताया कि महिला के आत्महत्या की जानकारी मिलने पर टीम उनके घर पहुंची। तभी वहां 2 बच्चे मृत अवस्था में पाए गए।
पुलिस ने बताया कि घटना के समय महिला के पति स्वप्निल शहर के बाहर थे। महिला ने आत्महत्या से पहले एक नोट छोड़ा है, जिसमें उसने अपने पति पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है।
मरने से पहले महिला ने एक वीडियो भी रिकॉर्ड किया, जिसमें उन्होंने पति पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया।
जांच
पति को पूछताछ के लिए बुलाया गया
पुलिस अधिकारी का कहना है कि महिला के पति स्वप्निल काम के सिलसिले से पुणे गए हुए थे। उनको पूछताछ के लिए पुलिस थाने बुलाया गया है।
पुलिस ने महिला के वीडियो को उनके रिश्तेदारों के साथ साझा करके आत्महत्या के पीछे के कारणों को जानने की कोशिश की है।
पुलिस का कहना है कि महिला के परिवार और पड़ोसियों से भी पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
जानकारी
यहां से लें जानकारी
अगर आप या आपके जानने वाले किसी भी प्रकार के तनाव से गुजर रहे हैं तो आप समाजिक न्याय एवं आधिकारिता मंत्रालय के हेल्पलाइन नंबर 1800-599-0019 या आसरा NGO के हेल्पलाइन नंबर 91-22-27546669 पर संपर्क करें।