Page Loader
मुंबई: नए साल के जश्न में भोजपुरी और मराठी गानों को लेकर झगड़ा, 1 की मौत
मुंबई में नए साल के जश्न के दौरान भोजपुरी और मराठी गाने को लेकर झगड़ा

मुंबई: नए साल के जश्न में भोजपुरी और मराठी गानों को लेकर झगड़ा, 1 की मौत

लेखन गजेंद्र
Jan 03, 2025
11:53 am

क्या है खबर?

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में नए साल के जश्न का उस समय मारपीट में बदल गया, जब 2 लोगों के समूह में भोजपुरी और मराठी गानों को लेकर बहस हो गई। घटना 1 जनवरी को तड़के 3 बजे की है। मुंबई के उपनगर मीरा रोड के एक आवासीय परिसर में कुछ लोग मराठी गानों पर नाच रहे थे। तभी दूसरे समूह ने भोजपुरी गाने बजाने के लिए कहा। इसी से को लेकर पहले बहस हुई, फिर मारपीट होने लगी।

घटना

1 युवक की मौत

गाने को लेकर हुई बहस में शराब पी रहे लोग भी शामिल हो गए, जिससे यह हिंसक हो गया और लोगों ने एक-दूसरे पर बांस और लोहे की छड़ों से हमला कर दिया। पुलिस ने बताया कि इनमें एक 23 वर्षीय राजा पेरियार लोहे की रॉड लगने से बुरी तरह घायल हो गया। एक अन्य व्यक्ति विपुल राय गंभीर रूप से घायल हुआ। दोनों को मुंबई के KEM अस्पताल ले जाया गया, जहां पेरियार को मृत घोषित किया गया।

गिरफ्तार

4 लोग गिरफ्तार

पुलिस ने पेरियार की मौत पर परिसर के निवासी आशीष जाधव और उसके रिश्तेदारों अमित जाधव, प्रकाश जाधव और प्रमोद यादव को गिरफ्तार किया है। बता दें कि दिल्ली में भी नए साल पर ऐसी घटना सामने आई थी, जिसमें 40 वर्षीय धर्मेंद्र का अपने पड़ोसियों से तेज संगीत बजाने को लेकर झगड़ा हुआ था। इसके बाद लोगों ने धर्मेंद्र को तब तक पीटा, जब तक बेहोश नहीं हो गया। उसे अस्पताल में मृत घोषित किया गया।