Page Loader
महाराष्ट्र का माथेरान हिल स्टेशन व्यापारियों ने बंद किया, जानिए क्या है कारण
महाराष्ट्र के माथेरन हिल स्टेशन पर हड़ताल

महाराष्ट्र का माथेरान हिल स्टेशन व्यापारियों ने बंद किया, जानिए क्या है कारण

लेखन गजेंद्र
Mar 19, 2025
03:06 pm

क्या है खबर?

महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में स्थित खूबसूरत माथेरान हिल स्टेशन को स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने बंद कर दिया है। उन्होंने समस्याओं का समाधान न होने पर यह कदम उठाया है। उन्होंने यहां आने वाले पर्यटकों को निशाना बनाकर की जाने वाली धोखाधड़ी के बढ़ने से अनिश्चितकालीन बंद का आह्वान किया है। पुणे पल्स के मुताबिक, माथेरान पर्यटन अभियान संघर्ष ने कई विभागों में पर्यटकों के साथ धोखाधड़ी की कई शिकायतें की थीं। यहां सभी दुकानें और होटल बंद हैं।

समस्या

स्थानीय लोगों और व्यापारियों की क्या है समस्या?

हिल स्टेशन पर वाहन ले जाने की अनुमति नहीं, ऐसे में प्रवेश बिंदु पर वाहन साधन लेना होता। यहीं समस्या हो रही है। संगठन से जुड़े पदाधिकारियों का कहना है कि दस्तूरी प्रवेश बिंदु पर दलाल और घोड़ा संचालक पर्यटकों को गुमराह कर अधिक पैसे वसूलते हैं। इससे हिल बदनाम हो रहा है। पर्यटकों की संख्या कम हो रही है और सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार चल रहा है। हड़ताल में होटल व्यवसायी, सामाजिक संगठन और ई-रिक्शा संगठन भी शामिल हैं।

पर्यटन

काफी मशहूर है माथेरान हिल स्टेशन

माथेरान हिल स्टेशन महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई से मात्र 110 किलोमीटर की दूरी पर कर्जत तालुका में स्थित एक नगर है, जो प्राकृतिक खूबसूरती से भरा हुआ है। पुणे-मुंबई के नजदीक होने के कारण यहां लोग अक्सर छोटी-छोटी छुट्टियों में परिवार संग आते हैं। यहां टॉय ट्रेन भी है और मानसून में लोग ज्यादा आते हैं। हिल स्टेशन पर वाहनों का प्रवेश वर्जित है, इसलिए लोगों को पहाड़ी तक जाने के लिए घोड़ा गाड़ी या अन्य साधन लेते पड़ते हैं।