महाराष्ट्र सरकार ने अंतराष्ट्रीय यात्रियों के लिए अनिवार्य की RT-PCR निगेटिव रिपोर्ट
क्या है खबर?
महाराष्ट्र सरकार ने कोरोना संक्रमण के मामलों के बढ़ने की आशंका को देखते हुए बड़ा कदम उठाया है।
सरकार ने राज्य में आने वाले अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए RT-PCR निगेटिव रिपोर्ट को अनिवार्य कर दिया है। ऐसे में अब हवाई मार्ग से राज्य में पहुंचने वाले यात्रियों का RT-PCR टेस्ट किया जाएगा। रिपोर्ट निगेटिव आने पर ही उन्हें गंतव्य स्थल पर जाने दिया जाएगा।
बता दें कि केरल के साथ अब महाराष्ट्र में मामलों में इजाफा देखने को मिला है।
आदेश
मुख्य सचिव ने जारी किए आदेश
इंडिया टुडे के अनुसार, महाराष्ट्र के मुख्य सचिव सीताराम कुंटे की ओर से शुक्रवार को जारी किए गए आदेशों में लिखा है, 'यूरोपीय देशों, मध्य पूर्वी देशों और दक्षिण अफ्रीका से आने वाले यात्रियों सहित राज्य में आने वाले अन्य सभी अंतरराष्ट्रीय यात्रियों का RT-PCR टेस्ट किया जाएगा।'
आदेश में आगे लिखा है कि RT-PCR टेस्ट रिपोर्ट के निगेटिव आने के बाद ही उन्हें आगे जाने दिया जाएगा। हालांकि, इसमें क्वारंटाइन में संबंध में कोई खुलासा नहीं किया गया है।
वैक्सीनेशन
वैक्सीन की दोनों खुराक ले चुके लोगों का भी होगा RT-PCR टेस्ट
मुख्य सचिव की ओर से जारी आदेश में यह भी कहा गया है कि वैक्सीन की दोनों खुराक लगवाने के बाद राज्य में आने वाले सभी अंतरराष्ट्रीय यात्रियों का भी RT-PCR टेस्ट किया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए सभी नियम समय-समय पर स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी गाइडलाइंस के अनुसार बदले जाते रहेंगे।
फिलहाल सभी अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए कोरोना की RT-PCR निगेटिव रिपोर्ट अनिवार्य की गई है।
सुझाव
केंद्र ने महाराष्ट्र सरकार को दिए अहम सुझाव
इन दिनों केरल और महाराष्ट्र में संक्रमण के मामलों में इजाफा हो रहा है। इसको देखते हुए केंद्रीय गृह सचिव ने शुक्रवार को केरल और महाराष्ट्र के साथ बैठक की थी।
इसके बाद गृह मंत्रालय की तरफ से कहा गया था कि संक्रमण की रफ्तार पर रोक लगाने के लिए अधिक प्रयासों की जरूरत है।
मंत्रालय ने कहा कि अधिक मामलों वाले इलाकों में कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग, वैक्सीनेशन कैंप और कोविड प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन सुनिश्चित करवाना आदि शामिल है।
जानकारी
नाइट कर्फ्यू पर विचार करने को कहा
मंत्रालय ने दोनों राज्यों को अधिक टेस्ट पॉजिटिविटी रेट वाले इलाकों में सख्ती बरतते हुए नाइट कर्फ्यू लगाने की संभावना पर विचार करने और आने वाले त्योहारी सीजन के दौरान भीड़ पर नियंत्रण के लिए कड़े कदम उठाने को भी कहा था।
संक्रमण
महाराष्ट्र में यह है कोरोना संक्रमण की स्थिति
बता दें कि महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण के मामलों में फिर से इजाफा देखने को मिल रहा है। शुक्रवार को राज्य में संक्रमण के 4,654 नए मामले सामने आए और 170 मरीजों की मौत हुई है।
इसी के साथ राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 64,47,442 पर पहुंच गई है। इनमें से अब तक 1,36,900 मरीजों की मौत हो चुकी है।
राज्य में वर्तमान में सक्रिय मामलों की संख्या 55,091 पर पहुंच गई है। हालात चिंंताजनक बने हुए हैं।