महाराष्ट्र: तापी नदी में तैरते मिले नवविवाहित दंपति के शव, जंजीरों से बंधे थे पैर
क्या है खबर?
महाराष्ट्र के धुले जिले के सावलदे इलाके से एक बेहद दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है। तापी नदी के तट से एक नवविवाहित दंपति के शव बरामद हुए हैं, जिनके पैर लोहे की भारी जंजीरों से बंधे थे और उस पर ताला लगा था। मृतक दंपति ने कुछ महीने पहले ही परिवार की मर्जी के खिलाफ प्रेम विवाह किया था, जिसके बाद से दोनों लापता थे। इस भयावह घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
प्रकरण
क्या है पूरा मामला?
धुले पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान जलगांव जिले के अमलनेर तालुका निवासी श्याम हरि पाटिल और सपना पाटिल के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि ग्रामीणों ने तापी नदी में 2 शवों को तैरते देखकर पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शवों को बाहर निकाला। शवों को बाहर निकालने पर दोनों मृतकों के पैर लोहे की बड़ी जंजीर से आपस में मजबूती से जकड़े हुए थे और जंजीर पर ताला लगा हुआ था।
जांच
पुलिस जांच में क्या-क्या सामने आया?
पुलिस ने बताया कि शुरुआत जांच के अनुसार, श्याम और सपना एक-दूसरे से प्यार करते थे, लेकिन उनके परिवार इस रिश्ते के खिलाफ थे।
कुछ महीने पहले ही दोनों अपने परिवारों की मर्जी के खिलाफ प्रेम विवाह कर शिरपुर में अलग रहने लगे थे।
पुलिस के अनुसार, विवाह के बाद से ही दोनों के परिवारों के साथ रिश्ते बेहद तनावपूर्ण थे। घटना से 4 दिन पहले यह जोड़ा अचानक लापता हो गया था और उनके कमरे पर ताला लटका था।
कार्रवाई
पुलिस ने अब तक क्या-क्या कार्रवाई की?
धुले पुलिस अधीक्षक (SP) के निर्देश पर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस का अनुमान है कि दाेनों ने परिवार के दबाव और सामाजिक बहिष्कार के कारण आत्महत्या की होगी और साथ में मरने के लिए पैरों में जंजीर बांधकर नदी में कूद गए होंगे।
इसी तरह पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं दोनों के परिवार वालों ने झूठी शान के लिए उनका अपहरण कर हत्या तो नहीं कर दी।