Page Loader
महाराष्ट्र: भाजपा अध्यक्ष के बेटे ने ऑडी कार से नागपुर में कई को टक्कर मारी, फरार
महाराष्ट्र में भाजपा अध्यक्ष के बेटे ने कई लोगों को ऑडी से टक्कर मारी (तस्वीर: एक्स/@DushyantNaagar)

महाराष्ट्र: भाजपा अध्यक्ष के बेटे ने ऑडी कार से नागपुर में कई को टक्कर मारी, फरार

लेखन गजेंद्र
Sep 10, 2024
09:48 am

क्या है खबर?

महाराष्ट्र के नागपुर में एक ऑडी कार में सवार लोगों ने सड़क पर चल रहे कई लोगों को टक्कर मार दी और फरार हो गए। ऑडी महाराष्ट्र भाजपा के अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले के बेटे संकेत बावनकुले की है। पुलिस ने बताया कि घटना शहर के रामदासपेठ इलाके में रात 1 बजे हुई। ऑडी ने पहले एक व्यक्ति को टक्कर मारी, फिर पोलो कार और मोपेड से टकराई, जिससे 2 लोग घायल हुए। पुलिस ने 2 को गिरफ्तार किया है।

हादसा

शराब के नशे में थे कार सवार लोग

पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के समय कार में सवार अर्जुन हवारे और रोनित चिंतनवार नशे में थे। दोनों को गिरफ्तार किया गया है। बावनकुले समेत 3 अन्य कार सवार फरार हैं। दुर्घटना के समय कार में बावनकुले समेत कुल 5 लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि घटना के समय आरोपी धरमपेठ में एक बार से लौट रहे थे। ऑडी ने जिस पोलो कार को पहले टक्कर मारी थी, उन्होंने ही ऑडी का पीछा कर उसे रोका था।

जांच

पुलिस ने दर्ज किया मामला, 2 को जमानत

घायल व्यक्ति जितेंद्र सोनकांबले ने शिकायत पुलिस में दी है। उसने बताया कि पोलो कार चालकों ने ही हावरे और चिंतनवार को रोका और उनको पुलिस थाने ले गए, जबकि 3 अन्य भाग गए। सोनकांबले की शिकायत पर पुलिस ने लापरवाही से गाड़ी चलाने और अन्य अपराधों का मामला दर्ज किया। हालांकि, हावरे और चिंतनवार जमानत पर रिहा हो गए। भाजपा अध्यक्ष बावनकुले ने स्वीकार किया है कि कार उनके बेटे के नाम पर है।

बयान

क्या बोले महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष?

महाराष्ट्र में भाजपा के अध्यक्ष बावनकुले ने मीडिया से कहा, "वह कार मेरे बेटे के नाम पर है। पुलिस को इस दुर्घटना की निष्पक्ष और पूरी जांच करनी चाहिए, किसी के साथ भेदभाव नहीं किया जाना चाहिए। जो लोग दोषी हैं, उन पर आरोप लगाए जाने चाहिए और उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। मैंने किसी पुलिस अधिकारी से बात नहीं की है। न्याय सभी के लिए समान होना चाहिए, चाहे कोई राजनीति से जुड़ा हो या किसी और से।"