LOADING...
महाराष्ट्र के सरकारी कर्मचारियों को मिलेगा यूनिफाइड पेंशन योजना का लाभ, सबसे पहला राज्य बना
महाराष्ट्र सरकार सबसे पहले लागू करेगी UPS

महाराष्ट्र के सरकारी कर्मचारियों को मिलेगा यूनिफाइड पेंशन योजना का लाभ, सबसे पहला राज्य बना

लेखन गजेंद्र
Aug 26, 2024
09:25 am

क्या है खबर?

महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली महायुति सरकार ने केंद्र सरकार की यूनिफाइड पेंशन योजना (UPS) को लागू कर दिया है। इसके साथ ही महाराष्ट्र UPS लागू करने वाला पहला राज्य बन गया। राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए केंद्रीय मंत्रिमंडल के योजना लागू करने के 24 बाद महाराष्ट्र सरकार ने इस पर अपना निर्णय लिया है। इससे महाराष्ट्र के 13.45 लाख सरकारी कर्मचारियों को फायदा मिलेगा। इनमें आधे अब तक नई पेंशन योजना से जुड़े थे।

पेंशन

अप्रैल 2025 से लागू होगी UPS

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जानकारी देते हुए बताया था कि सरकार UPS को 1 अप्रैल, 2025 से लागू करेगी। उन्होंने बताया था कि यह एक वैकल्पिक योजना होगी। कर्मचारियों के पास से नई पेंशन स्कीम (NPS) या UPS में से किसी एक को चुनने का विकल्प रहेगा। उन्होंने आगे बताया कि नई योजना उन कर्मचारियों के लिए भी लागू होगी, जिन्होंने 1 जनवरी, 2004 के बाद कार्य ग्रहण किया, लेकिन अब सेवानिवृत्त हो चुके हैं।

खासियत

क्या है UPS की खासियत?

UPS में कर्मचारियों को एक निश्‍चित पेंशन दी जाएगी। यह उनकी सेवानिवृत्ति से पहले के आखिरी 12 महीने के बेसिक वेतन के औसत का 50 प्रतिशत होगी। उदाहरण के लिए अगर किसी कर्मचारी को सेवानिवृत्ति से पहले के 12 महीनों में एक लाख रुपये प्रतिमाह वेतन मिलता था तो उसकी पेंशन 50,000 रुपये महीना होगी। हालांकि, इसका फायदा केवल उन्हीं को मिलेगा, जिन्होंने कम से कम 25 साल तक नौकरी की है।