Page Loader
दिल्ली और आसपास के इलाकों में बारिश, 27 जनवरी तक रहेगी कड़ाके की ठंड
दिल्ली में बारिश से ठंड बढ़ी

दिल्ली और आसपास के इलाकों में बारिश, 27 जनवरी तक रहेगी कड़ाके की ठंड

लेखन गजेंद्र
Jan 24, 2024
10:32 am

क्या है खबर?

दिल्ली और उत्तर भारत के कई इलाकों में कड़ाके की ठंड बरकरार है। बुधवार सुबह दिल्ली समेत आसपास के इलाकों में हल्की बारिश से मौसम और ठंडा हो गया। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 19.5 और न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 25 और 26 जनवरी को न्यूनतम तापमान 7 डिग्री पर पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर भारत के राज्यों में घना कोहरा और शीतलहर जारी है।

मौसम

27 जनवरी तक बना रहेगा ऐसा मौसम

IMD के मुताबिक, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 27 जनवरी तक घना कोहरा और शीतलहर का असर दिखेगा। पहले 14 जनवरी से मौसम के हालात कुछ सुधरने की संभावना थी, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ का असर नहीं होने से इसमें कोई परिवर्तन नहीं दिखा। IMD के मुताबिक, 25 जनवरी को हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, असम, बिहार में घना कोहरा रहेगा और 26 जनवरी को मध्य प्रदेश के इलाकों में घना कोहरा रहेगा।

ठंड

24 से 27 जनवरी तक उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में भयंकर सर्दी के आसार

IMD ने संभावना जताई है कि 24 जनवरी से 27 जनवरी के बीच उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा के कई जिलों में भयंकर सर्दी पड़ेगी। विभाग ने इसे गंभीर शीत दिवस कहा है। बता दें कि पिछले कुछ दिनों से उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में सुबह घना कोहरा दिख रहा है और दिनभर शीतलहर चल रही है। धूप न निकलने से अधिकतम और न्यूनतम तापमान भी 6 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच है।