Page Loader
मुंबई: भारी बारिश के कारण कई जगह भूस्खलन, अलग-अलग हादसो में 22 लोगों की मौत
मुंबई में भारी बारिश के कारण कई जगह भूस्खलन

मुंबई: भारी बारिश के कारण कई जगह भूस्खलन, अलग-अलग हादसो में 22 लोगों की मौत

Jul 18, 2021
10:28 am

क्या है खबर?

मुंबई के अलग-अलग इलाकों में मकान और दीवार गिरने से 22 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। चेंबूर के वाशी नाका इलाके में रात करीब एक बजे मकान ढहने से 12 लोगों की मौत हो गई। वहीं विक्रोली में तीन लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के कारण 11 जगह भूस्खलन हुआ है और मकान गिरे हैं, वहीं नौ इलाकों में पेड़ गिरे हैं।

जानकारी

स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराए गए घायल

मौके पर राहत और बचाव कार्य चला रहे राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) के डिप्टी कमांडेंट आशीष कुमार ने बताया कि भारी बारिश के कारण विक्रोली इलाके में मकान ढह गया था। अब तक तीन लोगों के शव मिल चुके हैं और 5-6 लोग अभी भी मलबे में दबे हो सकते हैं। राहत और बचाव अभियान चला रही एजेंसियों ने कई लोगों को मलबे से बाहर निकाल लिया है और उन्हें स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

जानकारी

प्रधानमंत्री ने हादसे पर व्यक्त किया दुख

मुंबई में हुए हादसों पर प्रधानमंत्री मोदी ने दुख व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट कर मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की है। साथ ही प्रधानमंत्री राष्ट्रीय आपदा राहत कोष से हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये के मुआवजा का ऐलान किया है। वहीं घायल हुए लोगों को 50,000-50,000 रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी।

ट्विटर पोस्ट

घटनास्थल की तस्वीरें

मुंबई

भारी बारिश के कारण रेल सेवाएं भी प्रभावित

अधिकारियों ने बताया कि कल दोपहर बाद मुंबई में 156.94 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इसके चलते निचले इलाकों में जलभराव हो गया है और रेल सेवाओं पर असर पड़ा है। पटरियों पर भरे पानी के कारण मध्य और पश्चिमी रेलवे ने उपनगरीय रेल सेवाओं को अगले आदेश तक निलंबित कर दिया है। इसके अलावा मुंबई को पीने के पानी की आपूर्ति करने वाली विहार झील भी भारी बारिश के कारण ओवरफ्लो होने लगी है।

मौसम

मुंबई में भारी बारिश का अनुमान

बृृह्नमुंबई महानगरपालिका (BMC) के एक अधिकारी ने बताया कि भारतीय मौसम विभाग ने भारी बारिश के अनुमान को देखते हुए मुंबई के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया है। मौसम विभाग की तरफ से जारी बुलेटिन में बताया गया है कि मौसम में आए एकाएक बदलाव के बाद मुंबई में सिर्फ छह घंटों में 100 मिमी से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। इसके बाद विभाग ने मुंबई के जारी 'ऑरेंज अलर्ट' को बढ़ाकर 'रेड अलर्ट' कर दिया है।

जानकारी

BMC और दूसरी एजेंसियां अलर्ट

मौसम विभाग ने अनुमान जताया कि अगले कुछ घंटों में मुंबई के कई इलाकों में 'भारी से मूसलाधार' और कई जगहों पर 'भारी' बारिश होगी। इसे देखते हुए BMC और दूसरी एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया है।