Page Loader
लद्दाख को मिला पहला महिला पुलिस थाना, 24 घंटे करेगा काम
लद्दाख के करगिल में पहले महिला पुलिस थाने का उद्घाटन (तस्वीर: ट्विटर/@UpendrraRai)

लद्दाख को मिला पहला महिला पुलिस थाना, 24 घंटे करेगा काम

लेखन गजेंद्र
Jul 26, 2023
07:02 pm

क्या है खबर?

बुधवार को केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में पहले महिला पुलिस थाने का उद्घाटन किया गया। थाना महिलाओं के खिलाफ अपराधों से निपटेगा और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करेगा। लद्दाख के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एसडी सिंह जामवाल ने करगिल में पुलिस थाने की शुरुआत करते हुए महिला सशक्तिकरण के महत्व और कानून प्रवर्तन में उनकी सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि इससे करगिल के सभी निवासियों के लिए एक सुरक्षित वातावरण तैयार हो सकेगा।

शुरुआत

थाने क्या-क्या काम करेगा?

एक अधिकारी ने बताया कि महिला थाना जरूरतमंद महिलाओं के लिए तत्काल सहायता सुनिश्चित करने के लिए 24 घंटे और सातों दिन काम करेगा। पुलिस थाने में प्रशिक्षित और समर्पित महिला पुलिस अधिकारियों की एक टीम तैनात होगी, जो महिलाओं से जुड़े मामलों को अच्छी तरह से संभालेगी। महिला पुलिस के जरिए महिलाओं को अधिकारों, घरेलू हिंसा, उत्पीड़न और अन्य लिंग-विशिष्ट अपराधों से संबंधित मामलों को रिपोर्ट करने और न्याय पाने के लिए एक सुरक्षित और सहायक वातावरण मिलेगा।