Page Loader
केरल: फोन पर सहपाठी से बात करने पर पिता ने नाबालिग बेटी को जबरन कीटनाशक पिलाया
केरल में सहपाठी से बात करने पर पिता ने बेटी को कीटनाशक पिलाया

केरल: फोन पर सहपाठी से बात करने पर पिता ने नाबालिग बेटी को जबरन कीटनाशक पिलाया

लेखन गजेंद्र
Nov 02, 2023
05:57 pm

क्या है खबर?

केरल के कोच्चि में सहपाठी से फोन पर बात करने पर एक पिता ने अपनी 14 वर्षीय बेटी को न केवल पीटा, बल्कि उसे जबरन कीटनाशक पिला दिया। लड़की को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति गंभीर है। घटना का खुलासा तब हुआ जब अस्पताल के अधिकारियों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है और उनके खिलाफ हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।

प्रताड़ना

पिता ने लड़की को फोन पर बात करते देखा था

घटना रविवार 29 अक्टूबर की है। 14 वर्षीय लड़की को उसके 16 वर्षीय दोस्त का फोन आया था। पिता ने बेटी को दोस्त से बात करने से मना किया था, इसके बावजूद वो बात करती रही और पिता ने उसे पकड़ लिया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पिता ने बेटी का फोन छीन लिया और कथित तौर पर उसकी लोहे की रॉड से पिटाई कर दी और कीटनाशक पीने के लिए मजबूर किया। दोनों बच्चे एक ही स्कूल में पढ़ते हैं।

जांच

पुलिस ने पूछताछ शुरू की

पुलिस ने मामले में परिवार के लोगों और रिश्तेदारों से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वह छात्रा के सहपाठी से भी पूछताछ करेगी। आरोपी पिता को पुलिस हिरासत में भेजा गया है। उसके खिलाफ खतरनाक हथियारों और साधनों से जानबूझकर चोट पहुंचाने का भी मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि लड़की की हालत स्थिर होने के बाद उसका बयान लिया जाएगा। अभी उसका इलाज चल रहा है।