Page Loader
केरल: कन्नूर के खेत में फटा स्टील बम, नारियल इकट्ठा कर रहे बुजुर्ग व्यक्ति की मौत
केरल के कन्नूर में फटा स्टील बम

केरल: कन्नूर के खेत में फटा स्टील बम, नारियल इकट्ठा कर रहे बुजुर्ग व्यक्ति की मौत

लेखन गजेंद्र
Jun 18, 2024
04:44 pm

क्या है खबर?

केरल के कन्नूर में मंगलवार को स्टील बम फटने से एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान 85 वर्षीय वेलायुधन के रूप में हुई है। ऑनलाइन मनोरमा के मुताबिक, घटना थालास्सेरी में दोपहर को उस समय घटी, जब वेलायुधन अपने घर के बगल में स्थित खेत से नारियल एकत्र करने गए थे। उसी समय खेत में उन्हें एक स्टील का बम मिला, जिसे खोलते समय वह फट गया। हादसे में उनके हाथ कट गए थे।

बम धमाका

घर और परिसर काफी समय से था खाली

रिपोर्ट के मुताबिक, वेलायुधन को बुरी तरह जख्मी हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने बताया कि वेलायुधन एरनहोली के कुडक्कलम में रहते थे और वह कभी-कभी थालास्सेरी आते थे। उनका घर और परिसर काफी लंबे समय से खाली पड़ा हुआ था। वेलायुधन अक्सर यहां पुराना सामान और नारियल इकट्ठा करने आते थे। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है।

जांच

पहले भी कुन्नूर में हुए हैं धमाके

पुलिस इस मामले में कई कोणों से जांच कर रही है। पता लगाया जा रहा है कि यहां स्टील बम किसने फेंका और क्यों फेंका गया था। बता दें कि कन्नूर में यह पहली बार नहीं है, जब बम धमाके से किसी की जान गई हो। इससे पहले अप्रैल 2024 में एक कम्युनिस्ट कार्यकर्ता ने अपने घर की छत पर बम बनाते समय जान गंवाई थी। 2022 में पन्नूर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के दफ्तर पर धमाका हुआ था।