Page Loader
बेंगलुरु: SBI में कन्नड़ भाषा विवाद को मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने बताया "बहुत निदंनीय"
बेंगलुरु में कन्नड़ भाषा विवाद को लेकर मुख्यमंत्री सिद्धारमैया का बयान

बेंगलुरु: SBI में कन्नड़ भाषा विवाद को मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने बताया "बहुत निदंनीय"

लेखन गजेंद्र
May 21, 2025
12:35 pm

क्या है खबर?

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की सूर्या नगर शाखा प्रबंधक का एक वीडियो सामने आने के बाद लोगों की नाराजगी बढ़ गई है, जिसमें वह कन्नड़ भाषा को लेकर नाराजगी जताती दिख रही हैं। इसको लेकर मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने भी आपत्ति जताई है और शाखा प्रबंधक के व्यवहार की निंदा की। उन्होंने एक्स पर लिखा कि स्थानीय भाषा का सम्मान करना लोगों का सम्मान करना है। उन्होंने भाषा संवेदीकरण प्रशिक्षण अनिवार्य करने की मांग की।

बयान

मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने क्या कहा?

सिद्धारमैया ने एक्स पर लिखा, 'सूर्य नगर में शाखा प्रबंधक का व्यवहार कन्नड़-अंग्रेजी में बात करने से इनकार करना, नागरिकों के प्रति अनादर दिखाना, निंदनीय है। हम अधिकारी को स्थानांतरित करने में SBI की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हैं। अब मामले को बंद मान सकते हैं। मैं वित्त मंत्रालय और वित्तीय सेवा विभाग से आग्रह करता हूं कि वे सभी बैंक कर्मचारियों के लिए सांस्कृतिक और भाषा संवेदीकरण प्रशिक्षण अनिवार्य करें। स्थानीय भाषा का सम्मान लोगों का सम्मान है।'

विवाद

क्या है मामला?

सोशल मीडिया पर मंगलवार को एक वीडियो सामने आया, जिसमें एक कन्नड़ भाषी व्यक्ति बैंक की महिला कर्मचारी से बात करता नजर आ रहा है। इस पर महिला बैंक कर्मी हिंदी भाषा में जवाब दे रही थीं, जिस पर व्यक्ति ने कन्नड़ भाषा में बात करने को कहा। महिला कर्मी ने कहा कि वह भारतीय है और हिंदी भाषा में बात करेगी, कन्नड़ नहीं बोलेंगी। वीडियो सामने आने पर कन्नड़ भाषी लोग नाराज हो गए। SBI जांच कर रही है।

ट्विटर पोस्ट

घटना का वीडियो