Page Loader
बेंगलुरु: इंफोसिस परिसर के शौचालय में कर्मचारी ने बनाया महिलाओं का वीडियो, पुलिस ने किया गिरफ्तार
इंफोसिस के शौचालय में महिलाओं का वीडियो बनाने वाला कर्मचारी गिरफ्तार

बेंगलुरु: इंफोसिस परिसर के शौचालय में कर्मचारी ने बनाया महिलाओं का वीडियो, पुलिस ने किया गिरफ्तार

लेखन गजेंद्र
Jul 02, 2025
06:00 pm

क्या है खबर?

कर्नाटक के बेंगलुरु में प्रौद्योगिकी क्षेत्र की दिग्गज कंपनी इंफोसिस के एक कर्मचारी को शौचालय में महिलाओं का अश्लील वीडियो बनाने पर गिरफ्तार किया गया है। आरोपी का नाम स्वप्निल नागेश माली (28) है, जो आंध्र प्रदेश का रहने वाला है। वह इंफोसिस की हेलिक्स इकाई में वरिष्ठ एसोसिएट कंसल्टेंट है। 30 जून को एक महिला सहकर्मी ने उसे शौचालय में वीडियो बनाते पकड़ लिया, जिसके बाद उसकी घिनौनी करतूत सामने आई।

घटना

क्या है पूरा मामला?

सोमवार 30 जून को सुबह 11 बजे के आसपास इंफोसिस परिसर के आईक्यूई विंग, बिल्डिंग 38 में इलेक्ट्रॉनिक सिटी परिसर की एक महिला कर्मचारी शौचालय गई थी। उसने अंदर जाते समय विपरीत दरवाजे पर एक प्रतिबिंब देखा। महिला ने दरवाजा हटाया तो वहां माली खड़ा मिला, जिसके बाद उसकी चीख निकल गई। महिला के शोर मचाते ही आरोपी ने माफी मांगनी शुरू कर दी। इसके बाद सभी कर्मचारी वहां इकट्ठा हो गए।

जांच

मोबाइल में मिले 30 से अधिक वीडियो

महिला की शिकायत के बाद इंफोसिस के मानव संसाधन कर्मियों ने मामले की जांच की और माली का फोन जांचा तो उसमें कई महिलाओं के 30 से अधिक वीडियो पाए गए। महिला कर्मचारी के पति ने घटना का पता चलने पर इंफोसिस से संपर्क करके अपना विरोध जताया और महिला ने इलेक्ट्रॉनिक सिटी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने माली को गिरफ्तार कर उसका मोबाइल जब्त कर लिया। उसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।