Page Loader
झारखंड: पत्नी की हत्या करने वाले व्यक्ति की ससुराल वालों ने पीट-पीटकर जान ली
झारखंड में पत्नी की हत्या करने वाले की ससुराल वालों ने पीट-पीटकर जान ली

झारखंड: पत्नी की हत्या करने वाले व्यक्ति की ससुराल वालों ने पीट-पीटकर जान ली

लेखन गजेंद्र
Jun 26, 2025
01:44 pm

क्या है खबर?

झारखंड के गिरिडीह जिले में बुधवार रात को चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के लुकईया गांव में एक व्यक्ति अपनी पत्नी को लेने ससुराल गया था। तभी उसका पत्नी से झगड़ा हो गया। बातचीत इतनी बढ़ी की उसने अपनी पत्नी को चाकू मार दिया। घटना से ससुराल वाले इतना क्रोधित हुए कि उन्होंने वहीं पीट-पीटकर आरोपी व्यक्ति की जान ले ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।

घटना

क्या है पूरा मामला?

मुफ्फसिल के ही दूसरे गांव में रहने वाले छोटे लाल हांसदा की शादी 8 साल पहले लुकईया की मीणा हांसदा से हुई थी। दोनों के बीच पहले रिश्ते काफी अच्छे थे, लेकिन बाद में मनमुटाव ज्यादा बढ़ गया। मीणा अपने पति छोटे लाल के साथ कुछ दिन पहले ही मायके आई थी। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच यहां आए दिन झगड़े चल रहे थे। बुधवार रात को भी किसी बात पर दोनों में झगड़ा शुरू हो गया।

जांच

हत्या कर भागते समय ससुराल वालों ने पकड़ा

झगड़े के दौरान छोटे लाल को गुस्सा बर्दाश्त नहीं हुआ और उसने पास पड़े चाकू से मीणा की हत्या कर दी। मीणा की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देकर जब छोटे लाल भागने लगा तो मीणा की आवाज सुनकर बाहर निकले ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे पकड़ लिया और जमकर धुनाई कर दी। छोटे लाल को इतना पीटा गया कि उसकी मौत हो गई। मामले में कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।