LOADING...
झारखंड के देवघर में बस और ट्रक की टक्कर, 18 कांवड़ियों की मौत
झारखंड के देवघर में ट्रक और बस की टक्कर में कांवड़ियों की मौत (तस्वीर: एक्स/@monu_lodh)

झारखंड के देवघर में बस और ट्रक की टक्कर, 18 कांवड़ियों की मौत

लेखन गजेंद्र
Jul 29, 2025
09:43 am

क्या है खबर?

झारखंड के देवघर में मंगलवार सुबह बस और ट्रक के बीच टक्कर होने से करीब 18 कांवड़ियों की मौत हो गई है। सभी कांवड़िये देवघर में जलाभिषेक के लिए आए थे। हादसा सुबह करीब साढ़े 4 बजे गोड्डा-देवघर मुख्य मार्ग पर मोहनपुर थाना क्षेत्र के जमुनिया मोड़ के पास हुआ है। हादसे में करीब 20 लोग घायल हैं। हादसे की सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई है। घायलों को अस्पताल भेजा गया है।

हादसा

कैसे हुआ हादसा?

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कांवड़ियों को लेकर जा रही 32 सीट वाली बस गैस सिलेंडर ले जा रहे ट्रक से जमुनिया जंगल के पास टकरा गई थी। हादसे का कारण अंधेरा और तेज रफ्तार बताया जा रहा है, जिसके कारण वाहन अनियंत्रित हो गए और आपस में टकरा गए। मृतकों और घायलों की पहचान नहीं हो पाई है। हादसा इतना जबरदस्त था कि बस के परखच्चे उड़ गए हैं।

जांच

मृतकों की संख्या को लेकर असमंजस

भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने एक्स पर घटना की जानकारी देते हुए लिखा, 'मेरे लोकसभा क्षेत्र के देवघर में श्रावण मास में कांवड़ यात्रा के दौरान बस और ट्रक के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण 18 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है। बाबा बैद्यनाथ जी उनके परिजनों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।' वहीं, यातायात पुलिस उपाधीक्षक लक्ष्मण प्रसाद ने कहा कि दुर्घटना में कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई है।

जानकारी

देवघर में ज्योतिर्लिंग

झारखंड के देवघर में देश के प्रसिद्ध 12 ज्योतिर्लिंग में एक बैद्यनाथ जी भी हैं। यहां हर साल सावन के महीने में कांवड़िये जलाभिषेक के लिए उमड़ते हैं। सावन के दौरान यहां काफी भीड़ होती है। देवघर को देवताओं का घर कहा जाता है।

ट्विटर पोस्ट

हादसे के बाद क्षतिग्रस्त बस