
आंध्र प्रदेश: गुस्साए उम्मीदवार ने जमीन पर पटककर तोड़ी EVM, पुलिस ने किया गिरफ्तार
क्या है खबर?
आंध्र प्रदेश पुलिस ने जन सेना पार्टी के एक उम्मीदवार को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) को नुकसान पहुंचाने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि मधुसूदन गुप्ता नामक उम्मीदवार ने गुंताकल विधानसभा क्षेत्र में एक पोलिंग बूथ में EVM मशीन को उठाकर जमीन पर फेंक दिया, जिससे यह मशीन टूट गई।
जानकारी के लिए बता दें, राज्य में 25 लोकसभा और 175 विधानसभा सीटों के लिए गुरुवार सुबह 7 बजे से वोटिंग जारी है।
घटना
जमीन पर गिरते ही टूटी EVM
गुप्ता अपना वोट डालने के लिए पोलिंग स्टेशन पर आए थे। इस दौरान वे किसी बात को लेकर वहां ड्यूटी कर रहे निर्वाचन अधिकारियों पर गुस्सा हो गए।
इसके बाद उन्होंने पोलिंग बूथ में रखी EVM मशीन को उठाया और उसे जमीन पर गिरा दिया। जमीन पर गिरते ही मशीन टूट गई।
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने गुप्ता को हिरासत में ले लिया। बता दें, राज्य की 175 विधानसभा सीटों पर 2,118 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिये पूरी घटना का वीडियो
#WATCH Jana Sena MLA candidate Madhusudhan Gupta smashes an Electronic Voting Machine (EVM) at a polling booth in Gooty, in Anantapur district. He has been arrested by police. #AndhraPradesh pic.twitter.com/VoAFNdA6Jo
— ANI (@ANI) April 11, 2019
जानकारी
इस बात को लेकर खफा हुए नेताजी
आरोपी विधायक गुप्ता अपना वोट डालने आए थे। इस दौरान वे चुनावकर्मियों से खफा हो गए। उनकी आपत्ति थी कि विधानसभा और लोकसभा क्षेत्र का नाम सही नहीं दिखाया जा रहा है।
सियासी तस्वीर
ये है आंध्र प्रदेश की सियासी तस्वीर
आंध्र प्रदेश के 3.71 करोड़ से ज्यादा वोटर राज्य की 175 विधानसभा सीटों पर 2,118 उम्मीदवारों और 25 लोकसभा सीटों पर 319 उम्मीदवारों का सियासी भविष्य तय करेंगे।
सत्तारूढ़ चंद्रबाबू नायडू को इस बार वाईएसआर कांग्रेस की कड़ी चुनौती से जूझना पड़ रहा है। इसके अलावा उन्हें कांग्रेस, भाजपा और पवन कल्याण की जन सेना पार्टी से भी पार पाना होगा।
2014 में TDP ने विधानसभा की 101 सीटें, वाईएसआर ने 68 और भाजपा ने चार सीटें जीती थीं।