Page Loader
जम्मू-कश्मीर: अनंतनाग में अगवा जवान का शव मिला, शरीर पर गोली के घाव; 1 जवान सुरक्षित
जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में अगवा जवान का शव मिला (तस्वीर: एक्स/@TheAvenger82)

जम्मू-कश्मीर: अनंतनाग में अगवा जवान का शव मिला, शरीर पर गोली के घाव; 1 जवान सुरक्षित

लेखन गजेंद्र
Oct 09, 2024
12:18 pm

क्या है खबर?

जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में आतंकवादियों द्वारा अगवा 2 जवान में एक सुरक्षित बचकर भाग निकला है, जबकि दूसरे का शव मिला है। उसके शरीर पर गोली और चाकू के निशान बताए जा रहे हैं। यह जानकारी भारतीय सेना के श्रीनगर स्थित चिनार कोर ने एक्स पर दी है। जवान का शव अनंतनाग के पथरीबल वन क्षेत्र में मृत पाया है। यह घटना बुधवार को जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव की मतगणना के दौरान सामने आई है।

घटना

8 अक्टूबर को अगवा हुए थे जवान

शुरूआती रिपोर्ट के मुताबिक, प्रादेशिक सेना की 161वीं इकाई के 2 सैनिकों को 8 अक्टूबर को आतंकवाद विरोधी अभियान के दौरान वन क्षेत्र से अगवा किया गया था। उनमें एक जवान 2 गोलियां लगने के बाद भी भागने में सफल रहा, जबकि दूसरे का शव गुरुवार को मिला। चिनार कोर ने एक्स पर बताया कि खुफिया जानकारी के आधार पर, भारतीय सेना ने जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य एजेंसियों के साथ मिलकर कोकरनाग के कज़वान जंगल में अभियान चलाया गया था।

उपचार

घायल जवान अस्पताल में भर्ती

इंडिया टुडे के मुताबिक, सेना के अधिकारियों ने बताया कि घायल सैनिक को आवश्यक उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बनी हुई है। बता दें कि इससे पहले अगस्त में अनंतनाग में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ में भी 2 जवान शहीद हो गए थे और 3 अन्य घायल हुए थे। इससे पहले डोडा में भी 4 जवान और 1 सैन्य अधिकारी आतंकियों के साथ मुठभेड़ में शहीद हुए थे।