
जम्मू-कश्मीर के अखनूर सेक्टर में सेना के वाहन पर 3 आतंकियों ने गोलीबारी की
क्या है खबर?
जम्मू-कश्मीर में एक बार फिर आतंकवादियों ने सेना के वाहन को निशाना बनाया। इस बार जम्मू जिले में अखनूर सेक्टर के जोगवान इलाके में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास सैन्य वाहन पर गोलीबारी हुई है।
आतंकियों ने सोमवार सुबह 7:35 बजे गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया है। घटना के समय सेना के जवान भट्टल से अखनूर जा रहे थे।
घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
गोलीबारी
आतंकियों ने 15 से 20 राउंड गोलीबारी की
बताया जा रहा है कि इलाके में छिपे आतंकियों ने सेना के एंबुलेंस पर भी गोलियां चलाई हैं। करीब 15 से 20 राउंड गोलीबारी की गई है।
गोलीबारी में सेना के वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं। हालांकि, वाहन में सवार किसी जवान को चोट नहीं पहुंची है। सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक, ग्रामीणों ने खौर के भट्टल में असन मंदिर के पास हथियारबंद आतंकवादियों की सूचना दी थी।
हमला
16 अक्टूबर से अब तक 5वां हमला, 12 की जान गई
जम्मू-कश्मीर के विधानसभा चुनाव समाप्त होने के बाद आतंकवादियों के हमले बढ़ गए हैं। यहां 16 अक्टूबर से अभी तक हुए आतंकी हमलों में 3 जवान शहीद हुए हैं, जबकि 9 लोग मारे गए हैं।
16 अक्टूबर को शोपियां में आतंकवादियों ने एक गैर-कश्मीरी युवक को गोली मारी। इसके बाद 20 अक्टूबर को लश्कर के आतंकियों ने गांदरबल में 6 लोगों को मारा था।
24 अक्टूबर पुलवामा में गोली मारकर एक प्रवासी मजदूर को घायल किया था।
ट्विटर पोस्ट
गोलीबारी के बाद का वीडियो
जम्मू कश्मीर के अखनूर इलाके में आतंकियों ने आर्मी की गाड़ी पर फायरिंग की।
— Jitender Sharma (@capt_ivane) October 28, 2024
आतंकियों की तलाश में इलाके की घेराबंदी कर कार्रवाई की जा रही है। pic.twitter.com/ask81GAWgs
हमला
20 और 24 अक्टूबर को हुए बड़े हमले
आतंकियों ने 20 और 24 अक्टूबर को बड़ा हमला किया है। 20 अक्टूबर को गांदरबल में द रजिस्टेंस फ्रंट (TRF) ने एक डॉक्टर समेत 6 लोगों को मारा था। यह पिछले कुछ सालों में अब तक का बड़ा हमला था।
इसके बाद 24 अक्टूबर को आतंकवादियों ने बारामूला में गुलमर्ग के निकट एक सैन्य वाहन पर घात लगाकर हमला किया। इसमें 3 सैनिक और 2 कुली मारे गए।
इसके बाद जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल के घर एक उच्च स्तरीय बैठक हुई।