
भारत ने पाकिस्तानी नागरिकों को जारी सभी वीजा रद्द किए, भारतीयों को भी वापस लौटने को कहा
क्या है खबर?
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम स्थित बैसरन इलाके में गत 22 अप्रैल को आतंकवादियों द्वारा गोली मारकर की गई 26 पर्यटकों की हत्या के बाद भारत सरकार पाकिस्तान के खिलाफ लगातार सख्त कदम उठा रही है।
सिंधु जल समझौता रद्द करने सहित अन्य कदम उठाने के बाद अब भारत ने पाकिस्तानी नागरिकों को जारी किए गए सभी वीजा 27 अप्रैल से रद्द कर कर दिए हैं।
इसी तरह मेडिकल वीजा भी केवल 29 अप्रैल तक ही मान्य होंगे।
अधिसूचना
विदेश मंत्रालय ने जारी की अधिसूचना
विदेश मंत्रालय की अधिसूचना के अनुसार, पहलगाम आतंकी हमले के मद्देनजर सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति द्वारा लिए गए निर्णयों के अनुसार भारत सरकार ने पाकिस्तानी नागरिकों को तत्काल प्रभाव से वीजा सेवाएं निलंबित करने का निर्णय लिया है।
पाकिस्तानी नागरिकों को जारी सभी मौजूदा वैध वीजा 27 अप्रैल से रद्द हो जाएंगे और मेडिकल वीजा 29 अप्रैल तक वैध होंगे।
ऐसे में भारत में मौजूद सभी पाकिस्तानी नागरिकों को वीजा अवधि समाप्त होने से पहले भारत छोड़ देना चाहिए।
अधिसूचना
पाकिस्तान में मौजूद भारतीयों को दी वापस लौटने की सलाह
विदेश मंत्रालय ने कहा, "भारत द्वारा पाकिस्तानी नागरिकों को जारी किए गए सभी मौजूदा वैध वीजा 27 अप्रैल, 2025 से रद्द कर दिए गए हैं। भारत में वर्तमान में मौजूद सभी पाकिस्तानी नागरिकों को संशोधित वीजा की अवधि समाप्त होने से पहले भारत छोड़ देना चाहिए।"
इसके अलावा, भारत सरकार ने अपने नागरिकों से पाकिस्तान की यात्रा करने से बचने को कहा है और जो लोग पहले से ही पाकिस्तान में हैं, उन्हें जल्द भारत लौटने की सलाह दी है।