कोरोना वायरस: देश में बीते दिन 55,839 नए मामले, लगभग 80,000 लोग ठीक हुए
क्या है खबर?
भारत में बीते दिन कोरोना वायरस से संक्रमण के 55,839 नए मामले सामने आए और 702 मरीजों ने इसकी वजह से दम तोड़ा।
इसी के साथ देश में कुल मामलों की संख्या 77,06,946 हो गई है, वहीं 1,16,616 लोगों को इस खतरनाक वायरस के संक्रमण के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी है। सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 7,15,812 हो गई है।
देश में नए मामलों और मौतों की संख्या में लगातार गिरावट आ रही है।
रिकवरी रेट और टेस्टिंग
बीते दिन ठीक हुए लगभग 80,000 मरीज, लगभग 15 लाख टेस्ट
ठीक होने वाले मरीजों की बात करें तो बीते दिन देशभर में कोरोना वायरस के 79,415 मरीज ठीक हुए। इसी के साथ ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 68,74,518 हो गई है और देश की रिकवरी रेट 89.20 प्रतिशत हो गई है।
इसके अलावा पिछले 24 घंटे में देशभर में 14,69,984 टेस्ट किए गए गए। महामारी की शुरूआत से अब तक देश में लगभग 9.87 करोड़ टेस्ट हो चुके हैं।
राज्यों की स्थिति
ये हैं चार सबसे अधिक प्रभावित राज्य
सबसे अधिक प्रभावित राज्यों की बात करें तो महाराष्ट्र में अब तक 16,17,658 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 42,633 लोगों की मौत हुई है।
वहीं दूसरे सबसे अधिक प्रभावित राज्य आंध्र प्रदेश में अब तक 7,93,299 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है, वहीं 6,508 मरीजों की मौत हुई है।
7,82,773 मामलों और 10,696 मौतों के साथ कर्नाटक और 6,97,116 मामलों और 10,780 मौतों के साथ तमिलनाडु अगले दो सबसे अधिक प्रभावित राज्य हैं।
नए मामले
ज्यादातर राज्यों में सुधर रही स्थिति
नए मामलों की बात करें तो सबसे अधिक प्रभावित महाराष्ट्र में बीते दिन 8,142 नए सामने सामने आए और 180 मरीजों ने दम तोड़ा। राज्य में नए मामलों में लगातार कमी आ रही है।
आंध्र प्रदेश में बीते दिन 3,746 और तमिलनाडु में 3,086 नए मामले सामने आए। इन दोनों राज्यों में स्थिति सुधर रही है।
वहीं कर्नाटक में बीते दिन 5,872 नए मामले सामने आए। यहां भी स्थिति सुधरती हुई नजर आ रही है।
डाटा
दिल्ली में बीते दिन 3,686 नए मामले
राजधानी दिल्ली में पिछले 24 घंटे में 3,686 नए मामले सामने आए और 47 मरीजों की मौत हुई। इसी के साथ शहर में कुल संक्रमितों की संख्या 3,40,436 हो गई है, वहीं 6,128 लोगों की संक्रमण के कारण मौत हुई है।
वैश्विक स्थिति
दुनियाभर में 4.11 करोड़ संक्रमित, अमेरिका सबसे अधिक प्रभावित
जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, दुनियाभर में अब तक लगभग 4.11 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं और 11.30 लाख लोगों की मौत हुई है।
सबसे अधिक प्रभावित अमेरिका में 83.35 लाख लोग संक्रमित हुए हैं और लगभग 2.22 लाख लोगों की मौत हुई है। अमेरिका एकमात्र ऐसा देश है जहां भारत से अधिक लोग संक्रमित हुए हैं।
तीसरे नंबर पर काबिज ब्राजील में 52.98 लाख संक्रमितों में से लगभग 1.55 लाख मरीजों की मौत हुई है।