कोरोना: देश में बीते दिन मिले 39,000 से अधिक मरीज, फिर बढ़े सक्रिय मामले
भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से संक्रमण के 39,097 नए मामले सामने आए और 546 मरीजों की मौत हुई। इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 3,13,32,159 हो गई है। इनमें से 4,20,016 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। एक दिन की गिरावट के बाद सक्रिय मामलों की संख्या फिर बढ़कर 4,08,977 हो गई है। पिछले कुछ हफ्तों से देश में हालात सुधर रहे हैं और कोरोना मामलों में गिरावट दर्ज हो रही है।
बीते दिन ठीक हुए 35,000 से अधिक मरीज
कोरोना वायरस के संक्रमण को हराकर ठीक होने वालों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 35,087 मरीज ठीक हुए। इसी के साथ महामारी को हराकर ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 3,05,03,166 हो गई है। देश की रिकवरी रेट 97.36 प्रतिशत है। इसके अलावा पिछले 24 घंटे में देशभर में 16,31,266 टेस्ट किए गए। महामारी की शुरुआत से अब तक देश में लगभग 45.45 करोड़ कोरोना वायरस टेस्ट किए जा चुके हैं।
ये हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्य
सबसे अधिक प्रभावित राज्यों पर नजर डालें तो महाराष्ट्र में अब तक 62,51,810 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 1,31,205 लोगों की मौत हुई है। दूसरे सर्वाधिक प्रभावित राज्य केरल में अब तक 32,35,533 लोगों को संक्रमित पाया गया है और 15,871 मौतें हुई हैं। इसी तरह 28,91,699 मामलों और 36,323 मौतों के साथ कर्नाटक और 25,44,870 मामलों और 33,862 मौतों के साथ तमिलनाडु अगले दो सबसे अधिक प्रभावित राज्य हैं।
कैसे हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्यों के हालात?
नए मामलों की बात करें तो महाराष्ट्र में बीते दिन 6,753 लोगों को संक्रमित पाया गया, वहीं 167 मरीजों की मौत हुई। राज्य में कुछ महीनों से संक्रमण की रफ्तार काबू में नजर आ रही है। इसी तरह केरल में 17,518 लोगों को संक्रमित पाया गया और 132 मरीजों की मौत हुई, वहीं कर्नाटक में 1,705 मामले सामने आए और 30 मौतें हुईं। तमिलनाडु में 1,830 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई और 24 मरीजों को अपनी जान गंवानी पड़ी।
वैक्सीनेशन अभियान की क्या स्थिति?
देश में चल रहे दुनिया के सबसे बड़े वैक्सीनेशन अभियान की बात करें तो अब तक वैक्सीन की 42,78,82,261 खुराकें लगाई जा चुकी हैं। बीते दिन 42,67,799 खुराकें लगाई गईं। सरकार ने जुलाई मध्य से रोजाना एक करोड़ खुराकें लगाने का लक्ष्य रखा था।
दुनियाभर में 19.41 करोड़ लोग संक्रमित
जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, दुनियाभर में अब तक लगभग 19.41 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं, वहीं 41.43 लाख लोगों की मौत हुई है। सर्वाधिक प्रभावित अमेरिका में 3.43 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं और 6.11 लाख लोगों की मौत हुई है। अमेरिका के बाद भारत दूसरा सर्वाधिक प्रभावित देश है। वहीं तीसरे सबसे अधिक प्रभावित देश ब्राजील में 1.96 करोड़ संक्रमितों में से 5.48 लाख मरीजों की मौत हुई है।