कोरोना: देश में बीते दिन मिले 3.62 लाख मरीज, दुनियाभर में 16 करोड़ लोग संक्रमित
क्या है खबर?
भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से संक्रमण के 3,62,727 नए मामले सामने आए और 4,120 मरीजों की मौत हुई। तीन दिन की गिरावट के बाद मामलों में मामूली उछाल देखा गया है।
इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 2,37,03,665 हो गई है। इनमें से 2,58,317 लोगों को इस खतरनाक वायरस के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी है।
सक्रिय मामलों की संख्या भी दो दिन बाद बढ़कर 37,10,525 हो गई है।
रिकवरी रेट और टेस्टिंग
बीते दिन ठीक हुए 3.52 लाख मरीज
कोरोना वायरस के संक्रमण को हराकर ठीक होने वालों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 3,52,181 मरीज ठीक हुए।
इसी के साथ महामारी को हराकर ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 1,97,34,823 हो गई है। देश की रिकवरी रेट 83.04 प्रतिशत है।
इसके अलावा पिछले 24 घंटे में देशभर में 18,64,594 टेस्ट किए गए। महामारी की शुरुआत से अब तक देश में 30.94 करोड़ कोरोना वायरस टेस्ट किए जा चुके हैं।
कोरोना वायरस
ये हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्य
सबसे अधिक प्रभावित राज्यों पर नजर डालें तो महाराष्ट्र में अब तक 52,26,710 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 78,007 लोगों की मौत हुई है।
दूसरे सर्वाधिक प्रभावित राज्य कर्नाटक में अब तक 20,53,191 लोगों को संक्रमित पाया गया है और 20,368 मौतें हुई हैं।
इसी तरह 20,10,934 मामलों और 6,053 मौतों के साथ केरल और 14,68,864 मामलों और 16,471 मौतों के साथ तमिलनाडु अगले दो सबसे अधिक प्रभावित राज्य हैं।
नए मामले और मौतें
कैसे हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्यों के हालात?
नए मामलों की बात करें तो महाराष्ट्र में बीते दिन 46,781 लोगों को संक्रमित पाया गया, वहीं 816 मरीजों की मौत हुई। बीते कुछ दिनों से यहां दैनिक मामलों की संख्या में गिरावट आ रही है।
इसी तरह कर्नाटक में 39,998 लोगों को संक्रमित पाया गया और 517 मरीजों की मौत हुई, वहीं केरल में 43,529 मामले सामने आए और 95 मौतें हुईं।
तमिलनाडु में 30,355 नए मामले सामने आए और 293 मरीजों की मौत हुई।
जानकारी
वैक्सीनेशन अभियान की क्या स्थिति?
देश में चल रहे दुनिया के सबसे बड़े वैक्सीनेशन अभियान की बात करें तो अब तक वैक्सीन की 17,72,14,256 खुराकें लगाई जा चुकी हैं। बीते दिन 18,94,991 खुराकें लगाई गईं। वैक्सीनेशन की धीमी रफ्तार बड़ी चिंता का विषय बनी हुई है।
वैश्विक स्थिति
दुनियाभर में 16 करोड़ लोग संक्रमित
जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, दुनियाभर में अब तक लगभग 16 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं, वहीं 33.26 लाख लोगों की मौत हुई है।
सर्वाधिक प्रभावित अमेरिका में 3.28 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं और 5.83 लाख लोगों की मौत हुई है। अमेरिका के बाद भारत दूसरा सर्वाधिक प्रभावित देश है।
वहीं तीसरे सबसे अधिक प्रभावित देश ब्राजील में 1.53 करोड़ संक्रमितों में से लगभग 4.28 लाख मरीजों की मौत हुई है।