Page Loader
कोरोना: देश में बीते दिन मिले 8,306 मरीज, सक्रिय मामले 552 दिनों में सबसे कम
भारत में कोरोना वायरस के मामले

कोरोना: देश में बीते दिन मिले 8,306 मरीज, सक्रिय मामले 552 दिनों में सबसे कम

Dec 06, 2021
09:35 am

क्या है खबर?

भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से संक्रमण के 8,306 नए मामले सामने आए और 211 मरीजों की मौत दर्ज हुई। इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 3,46,41,561 हो गई है। इनमें से 4,73,537 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। सक्रिय मामलों की संख्या कम होकर 98,416 रह गई है। कोरोना वायरस के नए ओमिक्रॉन वेरिएंट के कारण सरकार चिंता में है और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों पर पाबंदियां लगाई जा रही हैं।

रिकवरी रेट और टेस्टिंग

बीते दिन ठीक हुए 8,800 से ज्यादा मरीज

कोरोना वायरस के संक्रमण को हराकर ठीक होने वालों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 8,834 मरीज ठीक हुए। इसी के साथ महामारी को हराकर ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 3,40,69,608 हो गई है। देश की रिकवरी रेट 98.35 प्रतिशत है। कोरोना टेस्ट की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 8,86,263 टेस्ट किए गए हैं। अब तक देश में लगभग 64.82 करोड़ कोरोना टेस्ट किए जा चुके हैं।

कोरोना वायरस

ये हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्य

सबसे अधिक प्रभावित राज्यों पर नजर डालें तो महाराष्ट्र में अब तक 66,38,778 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 1,41,170 लोगों की मौत हुई है। दूसरे सर्वाधिक प्रभावित राज्य केरल में अब तक 51,65,921 ​लोगों को संक्रमित पाया गया है और 41,600 मौतें हुई हैं। इसी तरह 29,99,099 ​मामलों और 38,230 मौतों के साथ कर्नाटक और 27,30,516 मामलों और 36,529 ​मौतों के साथ तमिलनाडु अगले दो सबसे अधिक प्रभावित राज्य हैं।

नए मामले और मौतें

कैसे हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्यों के हालात?

नए मामलों की बात करें तो महाराष्ट्र में बीते दिन 707 लोगों को संक्रमित पाया गया, वहीं सात मरीजों की मौत हुई। इसी तरह केरल में 4,450 लोगों को संक्रमित पाया गया और 161 मरीजों की मौत दर्ज हुई। यहां बीते कई हफ्तों से सबसे ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। कर्नाटक में 456 मामले सामने आए और छह मौतें हुईं, वहीं तमिलनाडु में 724 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई और 10 मरीजों को अपनी जान गंवानी पड़ी।

जानकारी

वैक्सीनेशन अभियान की क्या स्थिति?

देश में चल रहे दुनिया के सबसे बड़े वैक्सीनेशन अभियान की बात करें तो अब तक वैक्सीन की 1,27,93,09,669 खुराकें लगाई जा चुकी हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, बीते दिन 24,55,911 खुराकें लगाई गईं। धीरे-धीरे वैक्सीनेशन अभियान रफ्तार पकड़ रहा है।

वैश्विक स्थिति

दुनियाभर में 26.58 करोड़ लोग संक्रमित

जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, दुनियाभर में अब तक लगभग 26.58 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं, वहीं 52.55 लाख लोगों की मौत हुई है। सर्वाधिक प्रभावित अमेरिका में 4.91 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं और 7.88 लाख लोगों की मौत हुई है। अमेरिका के बाद भारत दूसरा सर्वाधिक प्रभावित देश है। तीसरे सबसे अधिक प्रभावित देश ब्राजील में 2.21 करोड़ संक्रमितों में से 6.15 लाख मरीजों की मौत हुई है।