Page Loader
कोरोना: देश में बीते दिन मिले 7,081 नए मरीज, सक्रिय मामलों में गिरावट जारी
भारत में कोरोना वायरस के मामले

कोरोना: देश में बीते दिन मिले 7,081 नए मरीज, सक्रिय मामलों में गिरावट जारी

Dec 19, 2021
09:18 am

क्या है खबर?

भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से संक्रमण के 7,081 नए मामले सामने आए और 264 मरीजों की मौत दर्ज हुई। इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 3,47,40,275 हो गई है। इनमें से 4,77,422 लोगों की मौत हुई है। सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 83,913 रह गई है। देश में ओमिक्रॉन वेरिएंट के 126 मामले सामने आ चुके हैं और सरकार ने इसके प्रसार को देखते हुए लोगों से सावधान रहने को कहा है।

रिकवरी रेट और टेस्टिंग

बीते दिन ठीक हुए 7,400 से अधिक मरीज

कोरोना वायरस के संक्रमण को हराकर ठीक होने वालों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 7,469 मरीज ठीक हुए। इसी के साथ महामारी को हराकर ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 3,41,78,940 हो गई है। देश की रिकवरी रेट 98.38 प्रतिशत है। कोरोना टेस्ट की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 12,11,977 टेस्ट किए गए हैं। अब तक देश में लगभग 66.41 करोड़ कोरोना टेस्ट किए जा चुके हैं।

कोरोना वायरस

ये हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्य

सबसे अधिक प्रभावित राज्यों पर नजर डालें तो महाराष्ट्र में अब तक 66,48,694 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 1,41,340 लोगों की मौत हुई है। दूसरे सर्वाधिक प्रभावित राज्य केरल में अब तक 52,14,594 ​लोगों को संक्रमित पाया गया है और 44,407 मौतें हुई हैं। इसी तरह 30,02,127 ​मामलों और 38,287 मौतों के साथ कर्नाटक और 27,39,196 मामलों और 36,676 ​मौतों के साथ तमिलनाडु अगले दो सबसे अधिक प्रभावित राज्य हैं।

नए मामले और मौतें

कैसे हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्यों के हालात?

नए मामलों की बात करें तो महाराष्ट्र में बीते दिन 854 लोगों को संक्रमित पाया गया, वहीं 11 मरीजों की मौत हुई। इसी तरह केरल में 3,297 लोगों को संक्रमित पाया गया और 218 मरीजों की मौत दर्ज हुई। यहां बीते कई महीनों से सबसे ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। कर्नाटक में 335 मामले सामने आए और पांच मौतें हुईं, वहीं तमिलनाडु में 613 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई और नौ मरीजों को अपनी जान गंवानी पड़ी।

जानकारी

वैक्सीनेशन अभियान की क्या स्थिति?

देश में चल रहे दुनिया के सबसे बड़े वैक्सीनेशन अभियान की बात करें तो अब तक वैक्सीन की 1,37,46,13,252 खुराकें लगाई जा चुकी हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, बीते दिन 76,54,466 खुराकें लगाई गईं। 50 प्रतिशत से अधिक आबादी को दोनों खुराकें लग चुकी हैं।

वैश्विक स्थिति

दुनियाभर में 27.41 करोड़ लोग संक्रमित

जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, दुनियाभर में अब तक लगभग 27.41 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं, वहीं 53.49 लाख लोगों की मौत हुई है। सर्वाधिक प्रभावित अमेरिका में 5.07 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं और 8.06 लाख लोगों की मौत हुई है। अमेरिका के बाद भारत दूसरा सर्वाधिक प्रभावित देश है। तीसरे सबसे अधिक प्रभावित देश ब्राजील में 2.22 करोड़ संक्रमितों में से 6.17 लाख मरीजों की मौत हुई है।