Page Loader
कोरोना: देश में बीते दिन मिले 42,909 मरीज, केरल में कुल मामले 40 लाख पार
भारत में कोरोना वायरस के मामले

कोरोना: देश में बीते दिन मिले 42,909 मरीज, केरल में कुल मामले 40 लाख पार

Aug 30, 2021
09:41 am

क्या है खबर?

भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से संक्रमण के 42,909 नए मामले सामने आए और 380 मरीजों की मौत हुई। इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 3,27,37,939 हो गई है। इनमें से 4,38,210 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 3,76,324 हो गई है। देश में पिछले दो महीने से दैनिक मामले लगभग स्थिर हो गए हैं और ये एक चिंता का विषय है।

रिकवरी रेट और टेस्टिंग

देश में बीते दिन ठीक हुए 34,000 से अधिक मरीज

कोरोना वायरस के संक्रमण को हराकर ठीक होने वालों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 34,763 मरीज ठीक हुए। इसी के साथ महामारी को हराकर ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 3,19,23,405 हो गई है। देश की रिकवरी रेट 97.53 प्रतिशत है। इसके अलावा पिछले 24 घंटे में देशभर में 14,19,990 टेस्ट किए गए। महामारी की शुरुआत से अब तक देश में लगभग 52.01 करोड़ कोरोना वायरस टेस्ट किए जा चुके हैं।

कोरोना वायरस

ये हैं सबसे अधिक प्रभावित राज्य

सबसे अधिक प्रभावित राज्यों पर नजर डालें तो महाराष्ट्र में अब तक 64,56,939 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 1,37,157 लोगों की मौत हुई है। दूसरे सर्वाधिक प्रभावित राज्य केरल में अब तक 40,07,408 लोगों को संक्रमित पाया गया है और 20,541 मौतें हुई हैं। इसी तरह 29,47,255 ​मामलों और 37,278 मौतों के साथ कर्नाटक और 26,11,837 मामलों और 34,878 ​मौतों के साथ तमिलनाडु अगले दो सबसे अधिक प्रभावित राज्य हैं।

नए मामले और मौतें

कैसे हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्यों के हालात?

नए मामलों की बात करें तो महाराष्ट्र में बीते दिन 4,666 लोगों को संक्रमित पाया गया, वहीं 131 मरीजों की मौत हुई। इसी तरह केरल में 29,836 लोगों को संक्रमित पाया गया और 75 मरीजों की मौत हुई। यहां बीते कई दिनों से देश में सर्वाधिक मरीज मिल रहे हैं। कर्नाटक में 1,262 मामले सामने आए और 17 मौतें हुईं। तमिलनाडु में 1,538 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई और 22 मरीजों को अपनी जान गंवानी पड़ी।

जानकारी

वैक्सीनेशन अभियान की क्या स्थिति?

देश में चल रहे दुनिया के सबसे बड़े वैक्सीनेशन अभियान की बात करें तो अब तक वैक्सीन की 63,43,81,358 खुराकें लगाई जा चुकी हैं। बीते दिन 31,14,696 खुराकें लगाई गईं। धीरे-धीरे वैक्सीनेशन अभियान रफ्तार पकड़ रहा है।

वैश्विक स्थिति

दुनियाभर में मरने वालों की आंकड़ा 45 लाख पहुंचा

जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, दुनियाभर में अब तक लगभग 21.63 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं, वहीं 45 लाख लोगों की मौत हुई है। सर्वाधिक प्रभावित अमेरिका में 3.88 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं और 6.37 लाख लोगों की मौत हुई है। अमेरिका के बाद भारत दूसरा सर्वाधिक प्रभावित देश है। वहीं तीसरे सबसे अधिक प्रभावित देश ब्राजील में 2.07 करोड़ संक्रमितों में से 5.79 लाख मरीजों की मौत हुई है।