कोरोना: देश में बीते दिन मिले 42,625 मरीज, फिर बढ़े सक्रिय मामले
भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से संक्रमण के 42,625 नए मामले सामने आए और 562 मरीजों की मौत हुई। इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 3,17,69,132 हो गई है। इनमें से 4,25,757 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। एक दिन की गिरावट के बाद सक्रिय मामलों की संख्या फिर से बढ़कर 4,10,353 हो गई है। देश में बीते दिनों में कई बार सक्रिय मामले बढ़ चुके हैं, जो चिंता की बात है।
बीते दिन ठीक हुए 36,000 से अधिक मरीज
कोरोना वायरस के संक्रमण को हराकर ठीक होने वालों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 36,668 मरीज ठीक हुए। इसी के साथ महामारी को हराकर ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 3,09,33,022 हो गई है। देश की रिकवरी रेट 97.38 प्रतिशत है। इसके अलावा पिछले 24 घंटे में देशभर में 18,47,518 टेस्ट किए गए। महामारी की शुरुआत से अब तक देश में लगभग 47.31 करोड़ कोरोना वायरस टेस्ट किए जा चुके हैं।
ये हैं सबसे अधिक प्रभावित राज्य
सबसे अधिक प्रभावित राज्यों पर नजर डालें तो महाराष्ट्र में अब तक 63,21,068 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 1,33,215 लोगों की मौत हुई है। दूसरे सर्वाधिक प्रभावित राज्य केरल में अब तक 34,49,149 लोगों को संक्रमित पाया गया है और 17,103 मौतें हुई हैं। इसी तरह 29,09,958 मामलों और 36,650 मौतों के साथ कर्नाटक और 25,65,452 मामलों और 34,159 मौतों के साथ तमिलनाडु अगले दो सबसे अधिक प्रभावित राज्य हैं।
कैसे हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्यों के हालात?
नए मामलों की बात करें तो महाराष्ट्र में बीते दिन 6,005 लोगों को संक्रमित पाया गया, वहीं 177 मरीजों की मौत हुई। राज्य में कुछ महीनों से संक्रमण की रफ्तार काबू में नजर आ रही है। इसी तरह केरल में 23,676 लोगों को संक्रमित पाया गया और 148 मरीजों की मौत हुई, वहीं कर्नाटक में 1,674 मामले सामने आए और 38 मौतें हुईं। तमिलनाडु में 1,908 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई और 29 मरीजों को अपनी जान गंवानी पड़ी।
वैक्सीनेशन अभियान की क्या स्थिति?
देश में चल रहे दुनिया के सबसे बड़े वैक्सीनेशन अभियान की बात करें तो अब तक वैक्सीन की 48,52,86,570 खुराकें लगाई जा चुकी हैं। बीते दिन 62,53,741 खुराकें लगाई गईं। वैक्सीनेशन की धीमी रफ्तार चिंता का विषय बनी हुई है।
दुनियाभर में 19.95 करोड़ लोग संक्रमित
जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, दुनियाभर में अब तक लगभग 19.95 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं, वहीं 42.44 लाख लोगों की मौत हुई है। सर्वाधिक प्रभावित अमेरिका में 3.52 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं और 6.14 लाख लोगों की मौत हुई है। अमेरिका के बाद भारत दूसरा सर्वाधिक प्रभावित देश है। वहीं तीसरे सबसे अधिक प्रभावित देश ब्राजील में 1.99 करोड़ संक्रमितों में से 5.58 लाख मरीजों की मौत हुई है।