कोरोना वायरस: देश में बीते दिन लगभग 42,000 नए मामले, 460 की मौत
क्या है खबर?
भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से संक्रमण के 41,965 नए मामले सामने आए और 460 मरीजों की मौत हुई।
इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 3,28,10,845 हो गई है। इनमें से 4,39,020 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। सक्रिय मामलों की संख्या फिर से बढ़कर 3,78,181 पर पहुंच गई है।
देश में पिछले दो महीने से दैनिक मामले लगभग स्थिर हो गए हैं और ये एक चिंता का विषय है।
रिकवरी रेट और टेस्टिंग
देश में मंगलवार को ठीक हुए 34,000 मरीज
कोरोना वायरस के संक्रमण को हराकर ठीक होने वालों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 33,964 मरीज ठीक हुए।
इसी के साथ महामारी को हराकर ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 3,19,93,644 हो गई है। देश की रिकवरी रेट 97.53 प्रतिशत है।
इसके अलावा पिछले 24 घंटे में देशभर में 16,06,758 टेस्ट किए गए। महामारी की शुरुआत से अब तक देश में लगभग 52.31 करोड़ कोरोना वायरस टेस्ट किए जा चुके हैं।
कोरोना वायरस
ये हैं सबसे अधिक प्रभावित राज्य
सबसे अधिक प्रभावित राज्यों पर नजर डालें तो महाराष्ट्र में अब तक 64,64,876 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 1,37,313 लोगों की मौत हुई है।
दूसरे सर्वाधिक प्रभावित राज्य केरल में अब तक 40,57,233 लोगों को संक्रमित पाया गया है और 20,788 मौतें हुई हैं।
इसी तरह 29,49,445 मामलों और 37,318 मौतों के साथ कर्नाटक और 26,14,872 मामलों और 34,921 मौतों के साथ तमिलनाडु अगले दो सबसे अधिक प्रभावित राज्य हैं।
नए मामले और मौतें
कैसे हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्यों के हालात?
नए मामलों की बात करें तो महाराष्ट्र में बीते दिन 4,196 लोगों को संक्रमित पाया गया, वहीं 104 मरीजों की मौत हुई।
इसी तरह केरल में 30,203 लोगों को संक्रमित पाया गया और 115 मरीजों की मौत हुई। यहां बीते कई दिनों से देश में सर्वाधिक मरीज मिल रहे हैं।कर्नाटक में 1,217 मामले सामने आए और 25 मौतें हुईं।
तमिलनाडु में 1,512 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई और 22 मरीजों को अपनी जान गंवानी पड़ी।
जानकारी
वैक्सीनेशन अभियान की क्या स्थिति?
देश में चल रहे दुनिया के सबसे बड़े वैक्सीनेशन अभियान की बात करें तो अब तक वैक्सीन की 65,41,13,508 खुराकें लगाई जा चुकी हैं। बीते दिन 1,33,18,718 खुराकें लगाई गईं। यह एक दिन में लगाई गई अब तक की सबसे अधिक खुराक है।
वैश्विक स्थिति
दुनियाभर में 21.76 करोड़ लोग संक्रमित
जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, दुनियाभर में अब तक लगभग 21.76 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं, वहीं 45.18 लाख लोगों की मौत हुई है।
सर्वाधिक प्रभावित अमेरिका में 3.91 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं और 6.40 लाख लोगों की मौत हुई है। अमेरिका के बाद भारत दूसरा सर्वाधिक प्रभावित देश है।
वहीं तीसरे सबसे अधिक प्रभावित देश ब्राजील में 2.07 करोड़ संक्रमितों में से 5.80 लाख मरीजों की मौत हुई है।